ग्लोबल रैंकिंग में 13वें नंबर पर पहुंची Indian Cuisine, 'बटर गार्लिक नान' बनी दुनिया की नंबर-1 ब्रेड
हाल ही में जारी हुई ग्लोबल फूड गाइड 'टेस्टएटलस अप्रैल 2026' की रिपोर्ट ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय व्यंजनों का सात समंदर पार भी कोई मुकाबला नहीं ...और पढ़ें

टेस्टएटलस की ताजा रैंकिंग में भारतीय कुजीन का डंका (Image Source: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपने कभी 'बटर चिकन की सुनामी' के बारे में सुना है? अगर नहीं, तो अब सुन लीजिए। भारतीय जायके का जादू इन दिनों पूरी दुनिया के सिर चढ़कर बोल रहा है। बात यहां तक पहुंच गई है कि हाल ही में न्यूजीलैंड के एक मंत्री ने भारत के साथ होने वाले व्यापारिक समझौते को 'बटर चिकन सुनामी' का नाम दे दिया है।
राजनीति के गलियारों से लेकर दुनिया भर की डाइनिंग टेबल तक, हमारा देसी स्वाद छा गया है। ग्लोबल फूड गाइड टेस्टएटलस की अप्रैल 2026 की ताजा रिपोर्ट ने भी इस बात पर पक्की मुहर लगा दी है। लजीज बटर चिकन हो या मुंह में घुल जाने वाली गरमागरम बटर गार्लिक नान, विदेशी अब हमारे भारतीय मसालों के असली दीवाने बन चुके हैं।

(Image Source: Freepik)
दुनिया के टॉप व्यंजनों में भारत की धाक
टेस्टएटलस की 'टॉप 100 चिकन व्यंजनों' की सूची में भारत के बटर चिकन को दुनिया में छठा स्थान मिला है। अगर स्ट्यू डिश कैटेगरी की बात करें, तो यह चौथे नंबर पर आता है। सिर्फ बटर चिकन ही नहीं, बल्कि भारत की बटर गार्लिक नान को दुनिया की 'नंबर-1 ब्रेड' चुना गया है। वहीं, शाकाहारी खाने के शौकीनों के लिए भी अच्छी खबर है, क्योंकि मलाई कोफ्ता दुनिया की बेस्ट वेजिटेबल डिशेज में तीसरे स्थान पर काबिज है।
दुनिया का 13वां सबसे बेहतरीन स्वाद है भारतीय कुजीन
वैश्विक स्तर पर भारत की कुजीन को 5 में से 4.43 की रेटिंग मिली है, जिसके साथ भारत दुनिया में 13वें स्थान पर है। यह रैंकिंग करीब 5.9 लाख लोगों की रेटिंग के आधार पर तय की गई है। इस सूची में इटली पहले स्थान पर है, जबकि ग्रीस दूसरे और जापान छठे स्थान पर है। भारत पिछले कई वर्षों से लगातार टॉप 15 में अपनी जगह बनाए हुए है।
खबरें और भी
मुंबई और अमृतसर का वैश्विक गौरव
भारत के शहर भी खाने के मामले में पीछे नहीं हैं। बेस्ट फूड सिटीज की लिस्ट में मुंबई दुनिया में 5वें स्थान पर है। पंजाब का शहर अमृतसर भी अपनी खास पहचान बना रहा है, जिसे 48वां स्थान मिला है। अमृतसर के मशहूर शेफ विकास खन्ना को 'टाइम 100' ग्लोबल इन्फ्लुएंसर्स की लिस्ट में शामिल किया गया है। उनके द्वारा वैश्विक स्तर पर भारतीय भोजन को पहचान दिलाने और मानवीय सेवाओं के लिए यह सम्मान दिया गया है।

(Image Source: Freepik)
कुलचे और डेजर्ट का जलवा
अमृतसर का खास अमृतसरी कुल्चा न केवल भारत की डिशेज में सबसे ऊपर (17वां स्थान) है, बल्कि दुनिया की बेस्ट ब्रेड की सूची में भी यह चौथे नंबर पर है। मीठे की बात करें तो भारतीय कुल्फी को 49वां और फिरनी को 60वां स्थान मिला है।
शहरों और क्षेत्रों की रैंकिंग:
- दक्षिण भारत: बेस्ट फूड रीजन में 40वां स्थान।
- मुंबई: दुनिया का 5वां सबसे अच्छा फूड सिटी।
- अन्य शहर: दिल्ली (53), हैदराबाद (54), कोलकाता (73) और चेन्नई (93) ने भी टॉप 100 शहरों में अपनी जगह बनाई है।
यह रिपोर्ट साफ दर्शाती है कि भारतीय खान-पान न केवल विविधता से भरा है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक मजबूत और स्वादिष्ट पहचान बना चुका है।