Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    व्रत में सताती है चाट-पकौड़ी की याद? इस Chaitra Navratri ट्राई करें ये 2 फलाहारी रेसिपीज

    Updated: Tue, 17 Mar 2026 09:07 AM (IST)

    19 मार्च 2026, गुरुवार से चैत्र नवरात्र के पावन दिनों की शुरुआत हो रही है। ...और पढ़ें

    Navratri 2026: बिना किसी झंझट के झटपट बनाएं ये 2 फलाहारी डिशेज (Image Source: AI-Generated)

    Navratri 2026: बिना किसी झंझट के झटपट बनाएं ये 2 फलाहारी डिशेज (Image Source: AI-Generated) 

    HighLights

    1. लोग अक्सर व्रत में एक ही तरह का खाना खाकर बोर हो जाते हैं

    2. नवरात्र व्रत में आपको स्वाद से समझौता करने की जरूरत नहीं है

    3. हम आपके लिए लेकर आए हैं 2 बेहद आसान और स्वादिष्ट रेसिपीज

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पूरे 9 दिनों तक चलने वाले इस भक्ति और आस्था के पर्व में व्रत रखने का एक विशेष महत्व है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपको अपने स्वाद से कोई समझौता करना पड़े। जी हां, अक्सर हम लगातार कई दिनों तक साबूदाना या कुट्टू की वही ट्रेडिशनल चीजें खाकर ऊब जाते हैं।

    ऐसे में, मन करता है कि कुछ ऐसा फलाहार खाया जाए जो बनाने में झटपट हो, दिन भर शरीर को एनर्जी दे और जिसका चटकदार स्वाद जुबान से न उतरे। इस चैत्र नवरात्र (Chaitra Navratri 2026), अगर आप भी अपनी व्रत वाली थाली में कुछ नयापन लाना चाहते हैं, तो हम आपके लिए लाए हैं दो बेहद शानदार रेसिपीज (Navratri Fasting Food)।

    1) क्रंची राजगिरा भेल

    Healthy fasting meals

    (Image Source: AI-Generated) 

    व्रत में अगर स्ट्रीट फूड जैसी चटपटी भेल खाने को मिल जाए, तो मजा ही आ जाए! यह राजगिरा भेल न सिर्फ आपको एनर्जी देगी, बल्कि इसका कुरकुरापन आपको बहुत पसंद आएगा।

    क्या-क्या चाहिए?

    इस भेल का बेस बनाने के लिए आपको दो कप फूला हुआ राजगिरा, आधा कप मूंगफली, और एक चौथाई कप कटे हुए काजू-बादाम की जरूरत होगी। स्वाद बढ़ाने के लिए 10-12 कढ़ी पत्ते (अगर आप व्रत में खाते हैं), दो चम्मच किशमिश, दो चम्मच बारीक कटा सूखा नारियल, स्वादानुसार सेंधा नमक, एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर और एक चम्मच शुद्ध देसी घी रख लें।

    अगर आप इसे ताजी सब्जियों वाली भेल बनाना चाहते हैं, तो एक बारीक कटा टमाटर, एक खीरा, एक छोटी गाजर, थोड़ा-सा हरा धनिया और आधा चम्मच नींबू का रस भी तैयार रखें।

    बनाने का आसान तरीका

    • सबसे पहले गैस पर कड़ाही रखें और उसमें घी पिघला लें। घी गर्म होते ही करी पत्ते डालें। अब मूंगफली डालकर मीडियम आंच पर करीब तीन से चार मिनट तक अच्छे से सेंक लें।
    • जब मूंगफली थोड़ी सिक जाए, तब काजू और बादाम डालकर दो मिनट और चलाएं। इसके बाद गैस को बिल्कुल धीमा कर दें। अब इसमें सूखा नारियल और किशमिश डालकर बस 30 सेकंड तक भूनें।
    • आखिर में कड़ाही में फूला हुआ राजगिरा, लाल मिर्च पाउडर और सेंधा नमक डाल दें। सबको एक-दो मिनट तक अच्छे से मिक्स करते हुए भून लें। गैस बंद करें और इसे पूरी तरह ठंडा होने दें। आप इस सूखी भेल को किसी भी एयरटाइट डिब्बे में लंबे समय तक स्टोर कर सकते हैं।
    • जब भी आपको जोरों की भूख लगे, एक कटोरी में यह सूखी भेल निकालें और उसमें कटी हुई गाजर, खीरा, टमाटर, हरा धनिया और थोड़ा-सा नींबू का रस मिला लें। आपकी फ्रेश और क्रंची वेजी भेल तैयार है।

    2) पनीर-लौकी का चीला

    Falahari Recipes

    खबरें और भी

    (Image Source: AI-Generated) 

    अगर आप व्रत में कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जिससे पेट भी भर जाए और शरीर को ताकत भी मिले, तो यह चीला आपके लिए एकदम परफेक्ट ऑप्शन है।

    क्या-क्या चाहिए?

    इसे बनाने के लिए 200 ग्राम पनीर और आधी लौकी ले लें। बाइंडिंग के लिए एक चौथाई कप कुट्टू के आटे की जरूरत होगी। मसालों में आधा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर, आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर, एक-दो बारीक कटी हरी मिर्च, एक चौथाई कप ताजा हरा धनिया और सेंधा नमक चाहिए। चीला सेंकने के लिए घी और घोल बनाने के लिए पानी भी पास रख लें।

    बनाने का आसान तरीका

    • एक बड़ा-सा बर्तन लें और उसमें लौकी के साथ-साथ पनीर को भी अच्छे से कद्दूकस कर लें।
    • अब इसी बर्तन में कुट्टू का आटा, कटी हुई हरी मिर्च, हरा धनिया और सारे मसाले (सेंधा नमक, काली मिर्च, और भुना जीरा) डाल दें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक गाढ़ा सा घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल बहुत ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए।
    • गैस पर एक नॉन-स्टिक पैन या तवा रखें और हल्का सा घी लगाकर उसे चिकना कर लें। अब एक बड़ा चमचा भरकर घोल तवे पर डालें और हल्के हाथों से गोल आकार में फैला दें।
    • इसे मीडियम आंच पर 3 से 4 मिनट तक सिकने दें। जब यह नीचे की तरफ से बढ़िया सुनहरा और क्रिस्पी हो जाए, तो इसे सावधानी से पलट दें। दूसरी तरफ से भी इसे अच्छी तरह सेंक लें।
    • बस फिर, तैयार हो जाएगा आपका गरमागरम और मुलायम चीला। इसे ताजे दही या धनिया की व्रत वाली चटनी के साथ मजे से खाएं।

    यह भी पढ़ें- लौकी का दानेदार और स्वादिष्ट हलवा कैसे बनाएं? जानिए सामग्री और स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी

    यह भी पढ़ें- स्वाद और सेहत का डबल डोज है 'चुकंदर चीला', स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी