बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आएगा ये टेस्टी आलू-प्याज उत्तपम, बनाने का तरीका भी है एकदम सिंपल
सुबह की भागदौड़ में बच्चों और बड़ों के लिए टेस्टी-हेल्दी नाश्ता बनाने की उलझन अब खत्म हो सकती है। जी हां, हम आपको शेयर करने जा रहे हैं आलू-प्याज उत्तपम की आसान रेसिपी।

इस रेसिपी से तैयार करें तैयार करें क्रिस्पी आलू-प्याज उत्तपम (Image Source: AI-Generated)
HighLights
सूजी और दही से बनता है स्वादिष्ट आलू-प्याज उत्तपम
कद्दूकस आलू और प्याज की टॉपिंग से स्वाद बढ़ता है
मिनटों में तैयार, बच्चों के टिफिन के लिए उत्तम विकल्प
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सुबह की भागदौड़ हो या बच्चों का टिफिन तैयार करना हो, अक्सर समझ नहीं आता कि ऐसा क्या बनाया जाए जो टेस्टी भी हो, हेल्दी भी और जल्दी भी बन जाए। अगर आप भी हर सुबह इसी उलझन में रहते हैं, तो अब आपको बिल्कुल परेशान होने की जरूरत नहीं है।
आज हम आपके लिए लेकर आए हैं आलू-प्याज उत्तपम की एक बेहद लाजवाब रेसिपी। यह एक ऐसी डिश है जिसे देखते ही बच्चों के चेहरे खिल उठेंगे और बड़े भी इसे बड़े चाव से खाएंगे। सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको घंटों रसोई में खड़े रहने की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद साधारण चीजों से यह मिनटों में तैयार हो जाता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का एकदम सिंपल तरीका।
आलू-प्याज उत्तपम बनाने के लिए सामग्री
- सूजी: 1 कप
- दही: आधा कप
- कच्चा आलू: 1
- प्याज: 1 बड़ा
- हरी मिर्च: 1-2 बारीक कटी हुई
- हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- चाट मसाला या काली मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- पानी: बैटर बनाने के लिए
- तेल या मक्खन: उत्तपम सेंकने के लिए
आलू-प्याज उत्तपम बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी और दही को अच्छे से मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें। ध्यान रहे कि घोल बहुत ज्यादा पतला न हो, यह इडली के घोल जैसा होना चाहिए। इसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं और ढककर 10-15 मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए।
- जब तक सूजी फूल रही है, तब तक टॉपिंग तैयार कर लेते हैं। कद्दूकस किए हुए कच्चे आलू का सारा पानी हाथों से निचोड़ कर निकाल लें। अब एक दूसरे बर्तन में यह आलू, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और थोड़ा सा चाट मसाला या काली मिर्च डालकर अच्छे से मिला लें।
- 15 मिनट बाद सूजी के बैटर को चेक करें। अगर यह बहुत ज्यादा गाढ़ा लग रहा हो, तो थोड़ा सा पानी और मिला लें। अब गैस पर एक नॉन-स्टिक तवा या पैन रखें और उसे हल्का गरम होने दें। तवे पर कुछ बूंदें तेल या मक्खन की डालकर उसे अच्छी तरह फैला लें।
- तवा गरम होने पर गैस की आंच को मध्यम कर दें। अब एक बड़ा चम्मच भरकर बैटर तवे के बीच में डालें और उसे हल्के हाथों से थोड़ा मोटा ही फैलाएं। डोसे की तरह इसे बिल्कुल पतला नहीं करना है।
- बैटर फैलाने के तुरंत बाद ही इसके ऊपर तैयार की हुई आलू-प्याज की टॉपिंग को अच्छी तरह से फैला दें। एक चम्मच की मदद से टॉपिंग को हल्का सा दबा दें ताकि वह बैटर में सेट हो जाए। किनारों पर थोड़ा-सा तेल डालें और इसे 2-3 मिनट तक नीचे से सुनहरा होने तक पकने दें।
- जब यह नीचे से अच्छी तरह सिक जाए, तो इसे सावधानी से पलट दें। अब दूसरी तरफ से भी आलू और प्याज को हल्का सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें। दोनों तरफ से अच्छे से सिक जाने पर इसे प्लेट में निकाल लें।
- आपका गरमागरम, क्रिस्पी और टेस्टी आलू-प्याज उत्तपम बनकर बिल्कुल तैयार है। इसे नारियल की चटनी, पुदीने की हरी चटनी या फिर बच्चों के फेवरेट टोमेटो केचप के साथ परोसें।
- यकीन मानिए, इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि बच्चे अपना पूरा टिफिन खत्म करके ही घर लौटेंगे और बड़े हर वीकेंड इसी नाश्ते की फरमाइश करेंगे।
यह भी पढ़ें- बिना सब्जी के सजाएं शाही थाली! घर पर बनाएं मध्य प्रदेश और राजस्थान के मशहूर 'दाल बाफला', नोट करें रेसिपी
