बाजार से क्यों लाना, जब साबूदाना और आलू से घर पर ही बन सकते हैं व्रत वाले चिप्स; इस सावन जरूर करें ट्राई
सावन में व्रत के दौरान आप बाजार के चिप्स की जगह घर पर साबूदाना और आलू से क्रिस्पी चिप्स बना सकते हैं। ...और पढ़ें

सावन व्रत के लिए फलाहारी चिप्स की सबसे आसान रेसिपी (Image Source: AI-Generated)
HighLights
सावन व्रत के लिए घर पर बनाएं शुद्ध और क्रिस्पी चिप्स
साबूदाना और आलू से तैयार होते हैं ये स्वादिष्ट चिप्स
आसान विधि से घर पर बनाएं व्रत वाले कुरकुरे चिप्स
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सावन का पावन महीना चल रहा है और बहुत से लोग भगवान शिव की भक्ति में व्रत रख रहे हैं। व्रत के दौरान कुछ हल्का, कुरकुरा और चटपटा खाने का मन होना बहुत आम बात है। अक्सर हमारी यह भूख हमें बाजार से पैकेट वाले चिप्स खरीदने पर मजबूर कर देती है।
हालांकि, क्या आपको पता है कि आप अपने किचन में मौजूद सिर्फ दो चीजों- साबूदाना और आलू से घर पर ही एकदम शुद्ध और बाजार से भी ज्यादा क्रिस्पी चिप्स बना सकते हैं? घर के बने चिप्स न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि साफ-सफाई से बने होने के कारण व्रत के लिए एकदम बेस्ट होते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका।
चिप्स बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इन चिप्स को बनाने के लिए आपको बहुत कम चीजों की जरूरत पड़ेगी:
- साबूदाना: 1 कप (रात भर या 4-5 घंटे पानी में भीगा हुआ)
- कच्चे आलू: 2 बड़े (छिले और छोटे टुकड़ों में कटे हुए)
- सेंधा नमक: स्वादानुसार
- काली मिर्च पाउडर: आधा चम्मच
- पानी: 4 से 5 कप
- तेल या घी: तलने के लिए
चिप्स बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले मिक्सी के जार में कटे हुए कच्चे आलू और थोड़ा सा पानी डालकर पीस लें। इसका एकदम बारीक और चिकना पेस्ट तैयार कर लें।
- अब एक भारी तले वाला बड़ा बर्तन लें और उसमें 4-5 कप पानी डालकर गर्म करें। जब पानी उबलने लगे, तो उसमें भीगा हुआ साबूदाना और पीसे हुए आलू का पेस्ट डाल दें। अब इसे मध्यम आंच पर लगातार चलाते रहें ताकि यह बर्तन के नीचे चिपके नहीं और इसमें लम्प्स न पड़ें।
- लगभग 15-20 मिनट तक पकाने के बाद, आप देखेंगे कि यह मिश्रण गाढ़ा होने लगा है और साबूदाना एकदम पारदर्शी दिखने लगा है। इस समय गैस बंद कर दें और इसमें सेंधा नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें।
- अब धूप में एक साफ और मोटी प्लास्टिक शीट बिछा लें। एक छोटे चम्मच की मदद से इस गाढ़े पेस्ट को शीट पर छोटे-छोटे गोल चिप्स या पापड़ के आकार में फैलाते जाएं। इन्हें तेज धूप में 2 से 3 दिन तक अच्छी तरह सूखने दें। जब तक ये पूरी तरह कड़क न हो जाएं, इन्हें धूप दिखाते रहें।
यह भी पढ़ें- क्या आपने कभी खाई है कच्चे केले की टिक्की? स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाने का करेगा मन, नोट करें रेसिपी