क्या आपकी भी सब्जियां गर्मी में जल्दी सड़ जाती हैं? FSSAI ने बताया इन्हें फ्रेश रखने का सही तरीका
गर्मियों में सब्जियों को सड़ने से बचाने के लिए FSSAI ने खास दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ...और पढ़ें

सब्जियों को सड़ने से बचाना है तो प्लास्टिक की थैलियों को कहें 'गुडबाय' (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मियों के मौसम में तेज धूप और उमस से न सिर्फ हमारा हाल बेहाल होता है, बल्कि रसोई में रखी हमारी हरी सब्जियां भी बहुत जल्दी खराब होने लगती हैं। सब्जियों को गलत तरीके से स्टोर करने पर वे न केवल समय से पहले सड़ जाती हैं, बल्कि उनमें हानिकारक फंगल और बैक्टीरियल इन्फेक्शन का खतरा भी काफी बढ़ जाता है।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए देश की खाद्य नियामक संस्था एफएसएसएआई (FSSAI) ने सब्जियों के रखरखाव पर कुछ खास दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आइए जानते हैं सब्जियों को सुरक्षित और लंबे समय तक ताजा रखने के ये जरूरी तरीके।

(Image Source: AI-Generated)
पत्तेदार सब्जियों को सड़ने से ऐसे बचाएं
एफएसएसएआई की एडवाइजरी के मुताबिक, पालक, मेथी और धनिया जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों को सहेजने का एक खास तरीका होता है। इन्हें बाजार से लाने के बाद अच्छी तरह धोएं और सुखा लें। इसके बाद इन्हें किसी साफ 'पेपर टॉवल' या सूती कपड़े में लपेटकर रखें।
सबसे जरूरी बात है कि सब्जियों को लपेटने के लिए भूलकर भी अखबार का इस्तेमाल न करें। पेपर टॉवल सब्जियों से निकलने वाली एक्स्ट्रा नमी को आसानी से सोख लेता है, जिससे पत्तियां गलती या सड़ती नहीं हैं।
प्लास्टिक की थैलियों को कहें 'गुडबाय'
हम अक्सर सब्जियों को उसी प्लास्टिक की थैली में फ्रिज में रख देते हैं, जिसमें हम उन्हें बाजार से लाते हैं। गर्मियों में इन थैलियों के अंदर गैस और भाप बन जाती है, जो सब्जियों के जल्दी सड़ने का सबसे बड़ा कारण बनती है।
खबरें और भी
ऐसे में, एफएसएसएआई की सलाह है कि हमेशा जालीदार बैग का ही इस्तेमाल करें। इससे सब्जियों के बीच हवा का सर्कुलेशन बना रहता है। साथ ही, अपने फ्रिज को सब्जियों और सामान से ओवरस्टफ न करें यानी ठूंस-ठूंस कर न भरें। ऐसा करने से फ्रिज की कूलिंग प्रभावित होती है और सब्जियां जल्दी खराब हो सकती हैं।

(Image Source: AI-Generated)
क्या हर सब्जी को फ्रिज में रखना जरूरी है?
कई लोगों को लगता है कि हर सब्जी को फ्रिज में रखने से वह ताजी रहेगी, लेकिन एक्सपर्ट्स ऐसा नहीं मानते। हर सब्जी को ठंडे तापमान की जरूरत नहीं होती है।
- बाहर रखने वाली सब्जियां: आलू, प्याज, टमाटर और खीरे को फ्रिज में रखने के बजाय कमरे के रूम टेम्परेचर पर खुले में रखना चाहिए।
- फ्रिज में रखने वाली सब्जियां: हरी सब्जियों के अलावा नींबू और मिर्च को हमेशा फ्रिज के 'वेजिटेबल बॉक्स' में ही स्टोर करना चाहिए।
फ्रिज का तापमान कितना हो?
खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार, गर्मियों के मौसम में आपकी सब्जियों और खाने को सुरक्षित रखने के लिए फ्रिज के मुख्य हिस्से का तापमान 1 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच सेट होना चाहिए।