गर्मियों में महंगे नारियल पानी से जेब हो रही ढीली? सस्ते में भरपूर न्यूट्रिशन देंगे ये 5 फ्रूट जूस
जैसे ही नारियल वाले भैया कहते हैं- "साहब, 80 रुपये का एक!", तो चिलचिलाती धूप से ज्यादा पसीना उस कीमत को सुनकर आ जाता है। ...और पढ़ें

शरीर को अंदर से ठंडा और एनर्जेटिक रखेंगे ये 5 सस्ते जूस (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मियों का मौसम आते ही चिलचिलाती धूप और पसीना शरीर का सारा पानी सोख लेते हैं। ऐसे में डॉक्टर से लेकर फिटनेस एक्सपर्ट तक, हर कोई नारियल पानी पीने की सलाह देता है। यह सेहत के लिए फायदेमंद तो बहुत है, लेकिन रोजाना ₹80 से ₹100 का एक नारियल पानी पीना हर किसी के बजट में फिट नहीं बैठता।
अगर आप भी नारियल पानी की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं, तो फिक्र मत कीजिए। हमारे पास कुछ ऐसे बेहतरीन और सस्ते विकल्प भी हैं, जो आपको नारियल पानी जितनी ही ताजगी और न्यूट्रिशन देंगे, वह भी आपकी जेब का ख्याल रखते हुए। आइए, इस आर्टिकल में जानते हैं ऐसे 5 सस्ते और हेल्दी फ्रूट जूस के बारे में।

(Image Source: AI-Generated)
गन्ने का रस
गर्मियों में सड़क किनारे मिलने वाला ठंडा गन्ने का रस किसी अमृत से कम नहीं है। यह न सिर्फ बहुत सस्ता होता है, बल्कि तुरंत एनर्जी भी देता है। इसमें भरपूर मात्रा में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, आयरन और पोटैशियम होता है। नींबू और पुदीना डालकर पीने से इसका स्वाद और फायदे दोनों दोगुने हो जाते हैं।
बेल का शरबत
गर्मियों में लू से बचने और शरीर को अंदर से ठंडा रखने के लिए बेल का शरबत एक शानदार ड्रिंक है। बेल में फाइबर, विटामिन-सी और कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है। यह पाचन तंत्र को मजबूत करता है और गैस या एसिडिटी की समस्या को दूर भगाता है।
खबरें और भी
तरबूज का रस
गर्मियों के मौसम में तरबूज बहुत सस्ते और ताज़े मिलते हैं। तरबूज में 92% पानी होता है, जो आपको भयंकर गर्मी में भी हाइड्रेटेड रखता है। इसका जूस पीने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस बना रहता है और यह वजन कम करने में भी मददगार है। इसमें थोड़ा-सा काला नमक डालकर पिएं, मजा आ जाएगा।
आम पन्ना
कच्चे आम, पुदीना, जीरा और काले नमक से बना 'आम पन्ना' भारत का पारंपरिक समर ड्रिंक है। यह विटामिन सी का खजाना है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। तेज धूप में बाहर निकलने से पहले या बाद में एक गिलास आम पन्ना आपको हीटस्ट्रोक से पूरी तरह बचा सकता है।
नींबू पानी या शिकंजी
जब बात सस्ते और असरदार ड्रिंक की हो, तो नींबू पानी को कैसे भूल सकते हैं? यह हर घर में आसानी से बन जाता है। एक गिलास पानी में नींबू, थोड़ा-सा काला नमक और भुना जीरा मिलाकर पीने से शरीर की सारी थकान चुटकियों में गायब हो जाती है। यह शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालता है और स्किन को भी चमकदार बनाता है।
स्वस्थ रहने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपको हमेशा महंगी चीजें ही खानी-पीनी पड़ेंगी। हमारे आस-पास मौजूद ये देसी और सस्ती ड्रिंक्स भी न्यूट्रिशन से भरपूर हैं।
यह भी पढ़ें- आमरस या मैंगो शेक? गर्मियों में सेहत के लिए क्या है ज्यादा फायदेमंद, पढ़ें न्यूट्रिशन एक्सपर्ट की राय
यह भी पढ़ें- बाजार की कोल्ड ड्रिंक्स छोड़ें और घर पर बनाएं खट्टा-मीठा जामुन शरबत, नोट करें रेसिपी