आम पन्ना से खट्टी-मीठी लौंजी तक, भारत के हर कोने में छिपा है फलों के राजा का अनोखा स्वाद
यह लेख भारत के विभिन्न राज्यों में आम से बनने वाले स्वादिष्ट और अनोखे व्यंजनों को दर्शाता है। इसमें आम पन्ना, मम्बाझा पुलिसेरी, आम्रखंड, फजेतो और टोक ...और पढ़ें

भारत के कोने-कोने में आम के स्वादिष्ट व्यंजन (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मी के दिनों में आम इकलौती ऐसी चीज है, जो गर्मी में दिल खुश कर देती है। फलों का राजा आम अपने स्वाद की वजह से कई लोगों को बेहद पसंद होता है।
शायद यही वजह है कि पूरे देश में आम से कई सारी डिशेज बनाई और शौक से खाई जाती है। आइए जानते हैं देशभर में आम से बनने वाली ऐसी ही कुछ डिशेज के बारे में-
आम पन्ना (उत्तर एवं मध्य भारत)

(Picture Credit- AI Generated)
आम पन्ना गर्मियों में ठंडक देने वाला एक देसी ड्रिंक है, जिसे कच्चे आम से बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए आमों को उबाला या भुना जाता है और उनके गूदे को जीरा पाउडर, काला नमक, गुड़ या चीनी और ताजे पुदीने के पत्तों के साथ मिलाकर पिया जाता है। पाचन में सहायक होने के साथ-साथ यह लू लगने पर भी बहुत फायदेमंद होता है।
मम्बाझा पुलिसेरी (केरल)
यह पके आमों से बनी एक मीठी, खट्टी और हल्की मसालेदार करी है, जो केरल के पारंपरिक व्यंजनों का अभिन्न अंग है। पके आमों को नारियल और दही की मसालेदार ग्रेवी में पकाया जाता है, जिसमें सरसों के बीज, करी पत्ते और सूखी लाल मिर्च का तड़का लगाया जाता है।
आम्रखंड/मैंगो श्रीखंड (महाराष्ट्र और गुजरात)

(Picture Credit- AI Generated)
यह पारंपरिक श्रीखंड का एक नया लेकिन बेहद स्वादिष्ट रूप है। इसे गाढ़े दही को पके आम के गूदे, चीनी, इलायची और केसर के साथ मिलाकर बनाया जाता है। यह गाढ़ा, क्रीमी होता है और अक्सर गरमागरम पूरियों के साथ खाया जाता है।
फजेतो (गुजरात)
फजेतो एक अनोखा गुजराती व्यंजन है, जिसमें आम की गुठली और छिलके से चिपके हुए गूदे का इस्तेमाल किया जाता है। इस बचे हुए गूदे को पानी से धोकर दही, बेसन के साथ मिलाया जाता है और मसालों का तड़का लगाकर खट्टी-मीठी आम की कढ़ी बनाई जाती है।
खबरें और भी
अवकाया पचड़ी (आंध्र प्रदेश)

(Picture Credit- AI Generated)
आंध्र प्रदेश का व्यंजन अपने तीखे अचारों के लिए प्रसिद्ध है, और अवकाया इसका सबसे बेहतरीन उदाहरण है। इसे कच्चे, खट्टे आमों को टुकड़ों में काटकर बनाया जाता है और फिर सरसों पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, लहसुन और तिल के तेल के तीखे मिश्रण के साथ मिलाया जाता है।
टोक दाल/आम दाल (पश्चिम बंगाल)
यह बंगाली घरों में गर्मियों का एक आरामदायक और ठंडक देने वाला व्यंजन। टोक दाल एक लाइट, थोड़ी खट्टी दाल का सूप है, जिसमें आमतौर पर मसूर या अरहर दाल को कच्चे आम के टुकड़ों के साथ पकाया जाता है। आम का खट्टापन इस साधारण दाल का स्वाद बढ़ा देता है, जिससे यह गर्मी के दिनों के लिए एकदम सही बन जाता है।
अंबिया मुरब्बा (पंजाब/उत्तर भारत)

(Picture Credit- AI Generated)
मुरब्बा एक तरह का देसी जैम होता है। इसे कच्चे आमों को कद्दूकस करके या काटकर, उन्हें इलायची और कभी-कभी केसर से सुगंधित गाढ़े चीनी के सिरप में धीरे-धीरे पकाकर बनाया जाता है। यह एक मीठे अचार या जैम की तरह होता है और इसे महीनों तक स्टोर किया जा सकता है।
आम की लौंजी (उत्तर भारत)
यह एक झटपट बनने वाली, मीठी और मसालेदार चटनी है, जिसे कच्चे आम के टुकड़ों को गुड़, सौंफ, कलौंजी और बुनियादी मसालों के साथ पकाकर तैयार किया जाता है।