विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कड़क चाय के साथ बेस्ट लगता है महाराष्ट्र का फेमस 'बटाटा वड़ा', इस रेसिपी से घर पर ही लाएं मुंबई वाला स्वाद

Published: Wed, 19 Aug 2026 04:08 PM (GMT+05:30)

अक्सर चाय के साथ हम पकौड़े या बिस्किट खाकर काम चला लेते हैं, लेकिन क्या आपने कभी मुंबई के मशहूर 'बटाटा वड़ा' का स्वाद चखा है?

मुंबई स्टाइल क्रिस्पी 'बटाटा वड़ा' की आसान रेसिपी (Image Source: AI-Generated)

मुंबई स्टाइल क्रिस्पी 'बटाटा वड़ा' की आसान रेसिपी (Image Source: AI-Generated) 

HighLights

  1. मुंबई के प्रसिद्ध बटाटा वड़ा की आसान रेसिपी

  2. बाहर से क्रिस्पी, अंदर से मसालेदार आलू का स्वाद

  3. शाम की चाय के लिए बेहतरीन गरमागरम स्नैक

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। शाम की कड़क चाय हो और साथ में कुछ गरमागरम और चटपटा खाने को मिल जाए, तो मानो पूरा दिन बन जाता है। वैसे तो चाय के साथ पकोड़े और समोसे सबको बहुत पसंद आते हैं, लेकिन अगर बात महाराष्ट्र के फेमस 'बटाटा वड़ा' की हो, तो मुंह में पानी आना लाजमी है।

मुंबई का नाम लेते ही वहां की भागदौड़ और मशहूर 'वड़ा पाव' या 'बटाटा वड़ा' की याद आ ही जाती है। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से मसालेदार आलू का स्वाद, इसे हर किसी का फेवरेट बनाता है। सबसे अच्छी बात यह है कि अब आपको इस शानदार स्नैक का असली स्वाद लेने के लिए मुंबई जाने की जरूरत नहीं है। आप इसे बड़ी ही आसानी से अपने घर की रसोई में बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका।

बटाटा वड़ा बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

आलू के मसाले के लिए:

  • 4-5 उबले और मैश किए हुए आलू
  • 2-3 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
  • 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • आधा चम्मच राई
  • 7-8 कढ़ी पत्ते
  • आधा चम्मच हल्दी पाउडर
  • थोड़ा सा बारीक कटा हरा धनिया
  • नमक स्वादानुसार
  • 1 चम्मच तेल (तड़का लगाने के लिए)

बैटर के लिए:

  • 1 कप बेसन
  • चुटकी भर हल्दी
  • 1 चुटकी बेकिंग सोडा
  • नमक स्वादानुसार
  • पानी (घोल बनाने के लिए)
  • तलने के लिए तेल

बटाटा वड़ा बनाने की आसान विधि

  • सबसे पहले गैस पर एक पैन रखें और उसमें एक चम्मच तेल गरम करें। तेल गरम होने पर इसमें राई और कढ़ी पत्ता डालें। जब राई चटकने लगे तो अदरक-लहसुन का पेस्ट और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर हल्का सा भून लें।
  • अब इस तड़के में हल्दी पाउडर डालें और तुरंत मैश किए हुए उबले आलू डाल दें। स्वादानुसार नमक और ताज़ा हरा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। आपका चटपटा आलू का मसाला तैयार है। इसे एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें।
  • जब आलू का मसाला अच्छे से ठंडा हो जाए, तो थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथ में लेकर उसकी गोल-गोल छोटी बॉल्स बना लें और एक साइड में रख लें।
  • अब एक गहरे बर्तन में बेसन लें। इसमें थोड़ा-सा नमक, हल्दी पाउडर और एक चुटकी बेकिंग सोडा मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक चिकना और गाढ़ा घोल तैयार कर लें। ध्यान रहे कि घोल में कोई गांठ न रहे और यह न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा।
  • गैस पर एक कड़ाही में तलने के लिए तेल गरम करें। अब आलू की तैयार की गई बॉल्स को एक-एक करके बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोएं और सावधानी से गरम तेल में डाल दें। वड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें।
  • लीजिए, आपके गरमागरम और स्वादिष्ट मुंबई स्टाइल बटाटा वड़े एकदम तैयार हैं। इन्हें एक प्लेट में निकालें और तली हुई हरी मिर्च, तीखी हरी चटनी या मीठी लाल चटनी के साथ परोसें।

यह भी पढ़ें- यूपी की इस रबड़ी के आगे फीकी पड़ जाती हैं बड़ी-बड़ी मिठाइयां, आखिर क्या है हाथरस के स्वाद का राज?

यह भी पढ़ें- गंगा घाट ही नहीं, अपनी कचौड़ी के लिए भी मशहूर है बनारस, जानिए क्यों खास है काशी का यह स्वाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।