Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बदलते मौसम में बार-बार पड़ रहे हैं बीमार? डाइट में शामिल करें टमाटर रसम, बूस्ट होगी इम्युनिटी

    Updated: Sat, 18 Apr 2026 09:51 AM (GMT+05:30)

    मौसम जब भी करवट लेता है, अपने साथ सर्दी, खांसी, गले में खराश और बुखार जैसी कई बीमारियां लेकर आता है। ...और पढ़ें

    घर पर ऐसे बनाएं इम्युनिटी बूस्टर टमाटर रसम (Image Source: Freepik)

    घर पर ऐसे बनाएं इम्युनिटी बूस्टर टमाटर रसम (Image Source: Freepik)

    HighLights

    1. बदलते मौसम में कमजोर इम्युनिटी को मजबूत बनाता है

    2. विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर, सर्दी-जुकाम में फायदेमंद

    3. पाचन के लिए हल्का और बनाने में बेहद आसान डिश

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल दिन में तेज धूप रहती है और सुबह-शाम ठंडी हवाएं भी देखने को मिलती हैं। ऐसे माहौल में हमारे शरीर की इम्युनिटी अक्सर कमजोर पड़ने लगती है। अगर आप या आपके घर के लोग भी इस बदलते मौसम में बार-बार बीमार पड़ रहे हैं, तो बार-बार डॉक्टर के चक्कर लगाने के बजाय आपको अपनी डेली डाइट में एक छोटा-सा बदलाव करने की जरूरत है।

    ऐसे समय में, दक्षिण भारत की एक बहुत ही स्वादिष्ट और पारंपरिक डिश आपकी बहुत मदद कर सकती है- और वो है 'टमाटर रसम'। यह सिर्फ दाल या चावल के साथ खाई जाने वाली कोई आम डिश नहीं है, बल्कि सेहत का एक ऐसा सूप है जो आपको अंदर से मजबूत बनाता है। रसम पीने में जितना खट्टा, तीखा और चटपटा होता है, सेहत के लिए इसके फायदे उतने ही शानदार होते हैं। जब भी आप हल्का या बीमार महसूस करें, तो एक कप गरमा-गरम रसम आपके शरीर और दिमाग दोनों को तुरंत तरोताजा कर सकता है।

    Tomato Rasam Benefits

    (Image Source: AI-Generated)

    टमाटर रसम में ऐसा क्या है खास?

    दरअसल, इसे बनाने में मुख्य रूप से ताजे टमाटरों के साथ-साथ काली मिर्च, लहसुन, जीरा, हींग, कढ़ी पत्ता और हल्दी जैसे भारतीय मसालों का इस्तेमाल होता है। टमाटर में भरपूर मात्रा में विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो इम्युनिटी बढ़ाते हैं। वहीं, लहसुन और दरदरी कुटी हुई काली मिर्च गले की खराश, बंद नाक और सर्दी-जुकाम को छूमंतर करने में माहिर हैं। ये सभी चीजें मिलकर शरीर में गर्मी पैदा करती हैं और किसी भी तरह के इन्फेक्शन को आपसे कोसों दूर रखती हैं।

    सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और यह पाचन के लिए भी बहुत हल्का होता है। अगर आपका कुछ भी भारी खाने का मन नहीं है, तो आप इसे गरमा-गरम सूप की तरह पी सकते हैं या फिर सादे उबले हुए चावल के साथ खा सकते हैं।

    खबरें और भी

    टमाटर रसम बनाने के लिए सामग्री

    • टमाटर: 3-4 बड़े और अच्छी तरह पके हुए लाल टमाटर
    • लहसुन: 5-6 कलियां
    • काली मिर्च: 1 छोटा चम्मच (साबुत)
    • जीरा: 1 छोटा चम्मच
    • इमली: एक छोटा टुकड़ा (अगर टमाटर कम खट्टे हों, तो थोड़े पानी में भिगोकर रखें)
    • कढ़ी पत्ता: 10-12 पत्ते
    • सूखी लाल मिर्च: 1 या 2
    • राई: आधा छोटा चम्मच
    • हींग: एक चुटकी
    • हल्दी पाउडर: चौथाई छोटा चम्मच
    • घी या तेल: 1 बड़ा चम्मच (तड़के के लिए देसी घी का इस्तेमाल करेंगे तो स्वाद दोगुना हो जाएगा)
    • नमक: स्वादानुसार
    • हरा धनिया: बारीक कटा हुआ (सजावट के लिए)
    • पानी: 2 से 3 कप

    टमाटर रसम बनाने की विधि

    • रसम का असली स्वाद इसके ताजे मसालों में छिपा होता है। सबसे पहले ओखली में लहसुन की कलियां, साबुत काली मिर्च और जीरा डालकर उन्हें दरदरा कूट लें। मिक्सी के पाउडर से वो स्वाद नहीं आता जो इस ताजे कुटे मसाले से आएगा।
    • टमाटरों को या तो बहुत बारीक काट लें या फिर थोड़े से पानी में हल्का उबाल लें। जब टमाटर नरम हो जाएं, तो उन्हें हाथ से या मैशर से अच्छी तरह मसल लें ताकि उनका सारा रस निकल आए। अगर आप इमली का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इमली का पानी भी इसी टमाटर के रस में मिला लें।
    • अब एक बर्तन में यह टमाटर का रस लें और उसमें 2 से 3 कप सादा पानी मिला दें। इसी में हल्दी पाउडर, स्वादानुसार नमक और वो दरदरा कुटा हुआ (लहसुन, काली मिर्च, जीरे का) मसाला डाल दें। अब इसे गैस पर रखें और मध्यम आंच पर 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह उबलने दें। उबालते समय ही आपके पूरे घर में इसकी बेहतरीन खुशबू फैलने लगेगी।
    • जब रसम उबल जाए, तो आंच धीमी कर दें। अब एक छोटे पैन में तड़का तैयार करें। घी या तेल गरम करें, उसमें राई डालें। जब राई चटकने लगे, तो हींग, सूखी लाल मिर्च और कढ़ी पत्ता डाल दें। बस, कुछ ही सेकंड में इस गरमा-गरम और खुशबूदार तड़के को उबलते हुए रसम में छौंक दें।
    • तड़का लगाने के बाद गैस बंद कर दें। ऊपर से बारीक कटा हुआ ताजा हरा धनिया छिड़कें।
    • लीजिए, आपका स्वादिष्ट और सेहत से भरपूर टमाटर रसम बिल्कुल तैयार है। अब आप चाहें तो इसे सर्दी-ज़ुकाम भगाने के लिए गरमागरम सूप की तरह एक कप में डालकर चुस्कियां लेते हुए पिएं, या फिर दक्षिण भारतीय स्टाइल में सादे उबले हुए चावल और पापड़ के साथ इसका मजा लें।

    यह भी पढ़ें- टमाटर की सब्जी तो बहुत खाई होगी, एक बार ट्राई करें ये 'खट्टी-मीठी लौंजी', बचपन की आ जाएगी याद

    यह भी पढ़ें- चिलचिलाती गर्मी का पक्का इलाज: 5 मिनट में तैयार करें सौंफ का शरबत, पीते ही तरोताजा हो जाएगा मन