Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    '100% आटा बिस्किट' में सिर्फ 72% आटा? FSSAI की जांच में पैकेट पर लिखे वादे निकले झूठे, घर पर ऐसे करें तैयार

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 02:17 PM (IST)

    FSSAI की जांच में सामने आया है कि '100% आटा' और 'नो एडेड शुगर' जैसे पैकेट पर किए गए दावे अक्सर भ्रामक होते हैं। ...और पढ़ें

    बाजार के धोखे से बचें और घर पर बनाएं 100% असली आटा बिस्किट (Image Source: AI-Generated)

    बाजार के धोखे से बचें और घर पर बनाएं 100% असली आटा बिस्किट (Image Source: AI-Generated) 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हम अक्सर बाजार से कोई भी प्रोडक्ट यह सोचकर खरीद लेते हैं कि पैकेट पर लिखे बड़े-बड़े वादे हमारी सेहत के लिए फायदेमंद होंगे। खासतौर पर 'शुगर-फ्री' या 'पूरी तरह से आटे से बने' होने के दावों पर हम आंख मूंदकर भरोसा कर लेते हैं।

    हालांकि, एक उपभोक्ता की शिकायत के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने जांच की, तो जो हकीकत सामने आई, वह हैरान करने वाली थी। आइए, डिटेल में जानते हैं इस बारे में। 

     FSSAI misleading food labels

    (Image Source: AI-Generated) 

    पैकेट के दावों और असलियत में बड़ा अंतर

    जब आप किसी डिब्बे पर '100% आटा' लिखा देखते हैं, तो आपको लगता है कि इसमें मैदे या अन्य चीजों की मिलावट नहीं होगी, लेकिन जांच में पता चला कि जिस उत्पाद पर यह दावा किया जा रहा था, उसकी सामग्री की सूची में आटे की असल मात्रा सिर्फ 72.33% ही थी।

    इसी तरह, पैकेट पर 'नो एडेड शुगर' का भी प्रचार किया गया था। नियामक ने इसे पूरी तरह भ्रामक माना क्योंकि इस बिस्किट के अंदर माल्टोडेक्सट्रिन और ग्लूकोज सिरप सॉलिड्स जैसी चीजें मिलाई गई थीं। FSSAI ने साफ कर दिया है कि जब किसी प्रोडक्ट में अन्य एडिटिव्स और सामग्रियां शामिल हों, तो उसके लिए '100%' शब्द का इस्तेमाल करना उनके दिशानिर्देशों का सीधा उल्लंघन है।

     
     
     
    View this post on Instagram

    A post shared by FSSAI (@fssai_safefood)

    'डाइजेस्टिव' शब्द के लिए चाहिए वैज्ञानिक प्रमाण

    सिर्फ डिब्बे पर लिख देने भर से कोई उत्पाद पाचन के लिए अच्छा नहीं हो जाता। FSSAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि उत्पाद के नाम के साथ 'डाइजेस्टिव' शब्द जोड़ने के लिए कंपनियों को 'खाद्य सुरक्षा और मानक विनियम, 2018' के तहत ठोस वैज्ञानिक प्रमाण देने होंगे।

    बता दें, यह कोई पहला मौका नहीं है जब FSSAI ने ऐसा कदम उठाया है। इससे पहले भी कई खाद्य व्यवसाय संचालकों को ऐसे भ्रामक ब्रांड नाम या दावों के लिए रडार पर लिया गया है, जो ग्राहकों के मन में उत्पाद के पोषण या सामग्री को लेकर गलत धारणाएं पैदा करते हैं।

    खबरें और भी

    घर पर बनाएं 100% असली आटा बिस्किट

    जब बाजार में बिकने वाले उत्पादों के दावों पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं, तो सबसे बेहतर यही है कि हम अपनी सेहत की बागडोर खुद संभालें। आइए, जानते हैं कि बिना किसी मिलावट के आप अपने घर की रसोई में एकदम शुद्ध आटा बिस्किट कैसे तैयार कर सकते हैं।

    आटा बिस्किट बनाने के लिए जरूरी सामग्री

    • शुद्ध गेहूं का आटा - 1 कप
    • घी या मक्खन - 1/2 कप
    • पिसी हुई चीनी या गुड़ का पाउडर - 1/2 कप
    • इलायची पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच (खुशबू और स्वाद के लिए)
    • दूध - 2 से 3 चम्मच

    आटा बिस्किट बनाने की आसान रेसिपी

    • एक गहरे बर्तन में घी और पिसी हुई चीनी लें। इसे चम्मच या विस्कर की मदद से तब तक फेंटते रहें जब तक कि मिश्रण बिल्कुल हल्का, फूला हुआ और क्रीमी न हो जाए।
    • अब इस तैयार क्रीम में गेहूं का आटा और थोड़ा सा इलायची पाउडर डाल दें। इसे उंगलियों की मदद से बहुत हल्के हाथों से मिलाएं।
    • इस मिश्रण को एक साथ बांधने के लिए इसमें थोड़ा-थोड़ा करके दूध डालें और एक सख्त डो बना लें। ध्यान रहे कि इसे रोटी के आटे की तरह बहुत ज्यादा रगड़ कर नहीं मथना है।
    • इस तैयार डो में से छोटे-छोटे पेड़े तोड़ें और अपनी हथेलियों के बीच दबाकर उन्हें बिस्किट का मनचाहा आकार दें।
    • एक बेकिंग ट्रे लें और उस पर बटर पेपर बिछा लें। अब अपने तैयार कच्चे बिस्किट्स को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर इस ट्रे में सजा दें।
    • अपने ओवन को पहले ही 180°C पर गर्म कर लें। अब इस ट्रे को ओवन के अंदर रखें और 15 से 20 मिनट तक बेक होने दें, जब तक कि बिस्किट के किनारे सुनहरे न दिखने लगें।
    • ओवन से बाहर निकालने पर बिस्किट थोड़े नरम लग सकते हैं। इन्हें जाली वाले स्टैंड पर रखकर पूरी तरह से ठंडा होने दें। ठंडे होते ही ये बाजार जैसे एकदम कुरकुरे हो जाएंगे।
    • अब आपके पास चाय के साथ खाने के लिए 100% शुद्ध, असली और पौष्टिक बिस्किट तैयार हैं। इन्हें एक एयरटाइट डिब्बे में बंद करके रखें और बेफिक्र होकर अपने परिवार के साथ इसका मजा लें।

    यह भी पढ़ें- रोज-रोज पोहा और पराठे खाकर हो गए हैं बोर? नाश्ते के लिए ट्राई करें टेस्टी और हेल्दी उत्तपम

    यह भी पढ़ें- बच्चों की स्ट्रीट फूड क्रेविंग करें शांत! नोट करें घर पर हेल्दी मोमोज बनाने की सीक्रेट रेसिपी