सावन-भादों में घर का जमा दही क्यों छोड़ देता है पानी? गाढ़ा और मलाईदार रखने के लिए 3 तरीके आएंगे काम
सावन-भादों में उमस के कारण दही के पानी छोड़ने या खट्टा होने की समस्या से अक्सर लोग परेशान रहते हैं।

सावन-भादों में कैसे जमाएं एकदम परफेक्ट दही? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सावन और भादों के महीने में होने वाली उमस हमारी रसोई के कई कामों को मुश्किल बना देती है। इन्हीं में से एक है- घर पर परफेक्ट दही जमाना।
अक्सर महिलाओं की यह शिकायत होती है कि बारिश के मौसम में उनका जमाया हुआ दही पानी छोड़ देता है या बहुत जल्दी खट्टा हो जाता है। आइए जानते हैं ऐसा क्यों होता है और इसे कैसे ठीक किया जा सकता है।
मौसम बदलते ही दही क्यों छोड़ देता है पानी?
बारिश के मौसम में हवा में नमी बहुत ज्यादा होती है और तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहता है। इस वजह से दही जमाने वाले बैक्टीरिया बहुत तेजी से काम करते हैं, जिसे 'ओवर-फर्मेंटेशन' कहा जाता है। जरूरत से ज्यादा फर्मेंटेशन होने के कारण दही के ठोस हिस्से और उसका पानी अलग-अलग हो जाते हैं, जिससे दही पानी छोड़ देता है।
गाढ़ा और मलाईदार दही जमाने के 3 आसान तरीके
बाजार जैसे 'चक्के' वाले दही के लिए आप इन 3 टिप्स को अपना सकते हैं:
मिट्टी के बर्तन का करें इस्तेमाल
बारिश के मौसम में दही जमाने के लिए स्टील, प्लास्टिक या कांच की बजाय मिट्टी के बर्तन का उपयोग सबसे अच्छा रहता है। मिट्टी का बर्तन दूध का एक्स्ट्रा पानी सोख लेता है, जिससे दही एकदम गाढ़ा और मलाईदार जमता है।
जामन की सही मात्रा और दूध का तापमान
सावन-भादों में ज्यादा जामन डालने की गलती कभी न करें, क्योंकि गर्मी के कारण दही जल्दी जमता है। 1 लीटर दूध के लिए आधा छोटा चम्मच जामन काफी होता है। साथ ही, ध्यान रहे कि दूध हल्का गुनगुना होना चाहिए यानी न ज्यादा गर्म और न ही बिल्कुल ठंडा।
दही सेट होते ही तुरंत फ्रिज में रखें
इस उमस भरे मौसम में दही 4 से 5 घंटे में आसानी से जम जाता है। इसे रात भर बाहर छोड़ने की गलती न करें। जैसे ही दही सेट हो जाए, उसे तुरंत फ्रिज में रख दें। फ्रिज की ठंडक फर्मेंटेशन की प्रक्रिया को रोक देती है, जिससे दही न तो पानी छोड़ता है और न ही खट्टा होता है।
इन आसान तरीकों से आप सावन-भादों की उमस में भी एकदम परफेक्ट दही जमा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- अनार छीलने का इससे स्मार्ट तरीका नहीं मिलेगा! मिनटों में बाहर आएंगे सारे दाने, नहीं है हाथ गंदे करने की जरूरत
यह भी पढ़ें- सिर्फ सादे पानी से धोकर कभी न करें टमाटर का इस्तेमाल, किचन में रखे 'नमक' से करें इन्हें पूरी तरह जर्म-फ्री
