आलू-प्याज को एक साथ रखने से दोनों हो सकते हैं जल्दी खराब, जानिए लंबे समय तक ताजा रखने का सही तरीका
क्या आप जानते हैं कि प्लेट में एक-दूसरे का साथ निभाने वाले आलू और प्याज, स्टोरेज के दौरान टोकरी में एक-दूसरे के सबसे बड़े दुश्मन बन जाते हैं? ...और पढ़ें

आलू-प्याज को एक ही टोकरी में रखने से क्यों जल्दी सड़ती हैं आपकी सब्जियां? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। किचन में आलू और प्याज के बिना कोई भी काम नहीं चलता है। हम अक्सर बाजार से इन्हें एक साथ खरीदते हैं और घर आकर सुविधा के लिए एक ही टोकरी में रख देते हैं। देखने में आपको भी शायद यह बहुत आम बात लगती हो, लेकिन क्या आपको मालूम है कि आपकी यह छोटी-सी आदत इन दोनों सब्जियों को समय से पहले सड़ा सकती है?

(Image Source: AI-Generated)
आलू और प्याज को न रखें एक साथ
जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा। आलू और प्याज को कभी भी एक ही जगह पर नहीं रखना चाहिए। दरअसल, प्याज से एथिलीन गैस और नमी निकलती है। जब आलू इस गैस के संपर्क में आते हैं, तो वे जल्दी अंकुरित होने लगते हैं और अंदर से नरम होकर गलने लगते हैं।
दूसरी तरफ, आलू में भी अपनी एक अलग नमी होती है। जब प्याज इस नमी के संपर्क में आते हैं, तो वे भी जल्दी सड़ने लगते हैं और उनमें से बदबू आने लगती है। सीधे शब्दों में कहें तो रसोई में ये दोनों सब्जियां एक-दूसरे की 'दुश्मन' हैं। अगर आप इन्हें साथ रखेंगे, तो आपका पैसा और सब्जी दोनों बर्बाद होंगे।
सब्जियों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने के तरीके
अपनी सब्जियों को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए आप इन आसान टिप्स को अपना सकते हैं:
- आलू को रखने का सही तरीका: आलू को हमेशा किसी ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखना चाहिए। इन्हें कभी भी प्लास्टिक की थैली में बांधकर न रखें, बल्कि किसी खुली टोकरी या पेपर बैग में रखें ताकि उन्हें अच्छी तरह से हवा लगती रहे।
- प्याज को रखने का सही तरीका: प्याज को भी खुली हवा की बहुत जरूरत होती है। इन्हें जालीदार बैग, जूट के थैले या खुली टोकरी में रखें। बस इस बात का ध्यान रखें कि प्याज की टोकरी आलू से कुछ दूरी पर रखी हो।
इन दोनों के अलावा, लहसुन को आप प्याज के साथ रख सकते हैं, क्योंकि दोनों को स्टोर करने का तरीका लगभग एक जैसा ही होता है। इसलिए, अगली बार जब आप बाजार से आलू और प्याज खरीद कर लाएं, तो उन्हें अलग-अलग टोकरियों में रखना बिल्कुल न भूलें।