सिर्फ 5 मिनट में बिना अंडे के बनाएं 'चॉकलेट मग केक', बच्चे और बड़े सब चाटते रह जाएंगे उंगलियां
इस केक को बनाना इतना आसान है कि जब तक टीवी पर कोई विज्ञापन खत्म होगा, तब तक आपका सुपर सॉफ्ट, स्पंजी और चॉकलेटी केक बनकर तैयार भी हो जाएगा। ...और पढ़ें

बिना ओवन और कम बर्तनों के मिनटों में तैयार करें टेस्टी एगलेस चॉकलेट मग केक (Image Source: AI-Generated)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या कभी ऐसा हुआ है कि आधी रात को या शाम की चाय के समय अचानक कुछ मीठा और चॉकलेटी खाने का मन कर जाए? ऐसे में बाजार जाने या घंटों किचन में पसीना बहाने की कोई जरूरत नहीं है। हर साल 7 जुलाई को मनाए जाने वाले World Chocolate Day के मौके पर आज हम आपके लिए लेकर आए हैं एक ऐसी मजेदार और झटपट बनने वाली रेसिपी, जो आपकी मीठे की क्रेविंग को मिनटों में दूर कर देगी।
यह 'एगलेस चॉकलेट मग केक' बनाना इतना आसान है कि इसे बच्चे भी मजे से बना सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए न तो किसी ओवन की लंबी सेटिंग चाहिए और न ही ढेर सारे बर्तन गंदे करने का झंझट। बस एक मग लें, चीजें मिलाएं और कुछ ही मिनटों में आपका गरमा-गरम केक तैयार। आइए, बिना देर किए जानते हैं इसे बनाने का बेहद आसान तरीका।

(Image Source: AI-Generated)
चॉकलेट मग केक बनाने के लिए सामग्री
इस मजेदार केक को बनाने के लिए आपको आपकी किचन में मौजूद कुछ आम चीजों की ही जरूरत पड़ेगी:
- मैदा: 3 बड़े चम्मच
- पिसी हुई चीनी : 3 बड़े चम्मच
- कोको पाउडर: 2 बड़े चम्मच
- बेकिंग पाउडर: एक चौथाई छोटा चम्मच
- दूध: 3 बड़े चम्मच
- रिफाइंड तेल या पिघला हुआ मक्खन: 2 बड़े चम्मच
- वैनिला एसेंस : एक चौथाई छोटा चम्मच
- चोको चिप्स: 1 बड़ा चम्मच
चॉकलेट मग केक बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक बड़ा और माइक्रोवेव-सेफ कॉफी मग लें। उसमें मैदा, पिसी हुई चीनी, कोको पाउडर और बेकिंग पाउडर डालें। इन सभी सूखी चीजों को एक चम्मच की मदद से अच्छे से मिला लें ताकि कुछ भी अलग-अलग न रहे।
- अब इस मग में दूध, मक्खन और वैनिला एसेंस डालें। ध्यान रखें कि दूध बहुत ज्यादा ठंडा या बहुत गर्म नहीं होना चाहिए।
- अब सभी चीजों को कांटे या छोटे चम्मच की मदद से तब तक मिलाएं, जब तक कि एक चिकना और गाढ़ा बैटर तैयार न हो जाए। इसे अच्छे से फेंटना जरूरी है ताकि बैटर में मैदे या कोको पाउडर की कोई गांठ न बचे। मग के किनारों से भी सूखा मैदा खुरच कर मिला लें।
- जब आपका बैटर पूरी तरह से स्मूथ हो जाए, तो उसके ऊपर ढेर सारे चोको चिप्स डाल दें। जब केक पकेगा, तो ये चोको चिप्स पिघलकर केक को अंदर से और भी ज्यादा चॉकलेटी और लजीज बना देंगे।
- अब अपने मग को माइक्रोवेव में रखें और इसे हाई पावर पर डेढ़ से दो मिनट के लिए बेक करें। चूंकि हर माइक्रोवेव की पावर अलग होती है, इसलिए 1.5 मिनट बाद एक बार केक को टूथपिक डालकर चेक जरूर कर लें। अगर टूथपिक साफ बाहर आती है, तो केक तैयार है)।
- बस फिर, सावधानी से माइक्रोवेव से बाहर निकालें क्योंकि मग बहुत गर्म होगा। इसे 1-2 मिनट के लिए थोड़ा ठंडा होने दें। आपका सुपर सॉफ्ट और स्पंजी चॉकलेट मग केक खाने के लिए बिल्कुल तैयार है।
- अगर आप इस मग केक का मजा दोगुना करना चाहते हैं, तो गरम-गरम केक के ऊपर एक स्कूप वैनिला आइसक्रीम रखें और ऊपर से थोड़ा-सा चॉकलेट सिरप डाल दें। यकीन मानिए, ठंडी आइसक्रीम और गरम चॉकलेट केक का यह कॉम्बिनेशन इतना लाजवाब होगा कि आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें- महिलाओं के लिए कैल्शियम का खजाना है ‘रागी की अंबली’, शरीर को भी रखेगी ठंडा; नोट कर लें रेसिपी