शरीर में दिखने वाले ये 5 संकेत नहीं हैं मामूली, कैंसर के हो सकते हैं शुरुआती लक्षण
कैंसर के शुरुआती संकेतों को अनदेखा करना जानलेवा साबित हो सकता है।
-1775383863714_m.webp)
कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान जरूरी (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कैंसर एक जानलेवा बीमारी है, लेकिन अगर समय पर इसकी पहचान हो जाए, तो इलाज सफल होने की संभावना बढ़ जाती है। हालांकि, समस्या यह है कि कैंसर के शुरुआती संकेतों को अक्सर लोग मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।
लेकिन यही लापरवाही आगे चलकर जानलेवा साबित हो सकती है। आइए जानें कैंसर के लक्षणों के बारे में, जो भले ही शुरुआती में थकान या बढ़ती उम्र की समस्या लग सकते हैं, लेकिन असल में वे कैंसर की आहट हो सकते हैं।
बिना कारण वजन कम होना
बिना किसी डाइटिंग या जिम गए अगर आपका वजन अचानक कम होने लगे, तो यह खुश होने की बात नहीं बल्कि चिंता का विषय है। दरअसल, कैंसर सेल्स शरीर की एनर्जी का इस्तेमाल खुद को बढ़ाने में करते हैं, जिससे मेटाबॉलिज्म बदल जाता है और वजन कम होने लगता है। यह संकेत लगभग हर किस्म के कैंसर में देखने को मिलता है। इसलिए अगर कुछ ही महीनों में 5 किलो से ज्यादा वजन घट जाए, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

लगातार थकान
यह सामान्य थकान नहीं है जो एक रात की नींद से ठीक हो जाए। अगर आप सुबह सोकर उठने के बाद भी बहुत थका हुआ महसूस करते हैं, तो इसे गंभीरता से लें। यह लक्षण भी कैंसर के हर प्रकार में देखने को मिलता है। कैंसर सेल्स एनर्जी का काफी इस्तेमाल करते हैं, इसलिए थकान महसूस हो सकती है। ल्यूकेमिया या पेट के कैंसर में ब्लीडिंग के कारण एनीमिया हो सकती है, जो थकान का मुख्य कारण बनती है।
बुखार
बुखार शरीर का एक डिफेंस मकेनिज्म है, लेकिन बिना किसी इन्फेक्शन, जैसे जुकाम या फ्लू के, बार-बार बुखार आना खतरे की घंटी है। जब कैंसर फैलना शुरू होता है या इम्युनिटी पर हमला करता है, तो शरीर बुखार के रूप में रिएक्शन देता है। ब्लड कैंसर में यह एक शुरुआती लक्षण के रूप में देखा जाता है।
मांसपेशियों या जोड़ों में लगातार दर्द
हम अक्सर पीठ दर्द या जोड़ों के दर्द को गलत पोजीशन में बैठने का नाम दे देते हैं, लेकिन अगर दर्द बना रहे और ठीक न हो, तो यह कैंसर का संकेत हो सकता है। हड्डियों का कैंसर या टेस्टिकुलर कैंसर अक्सर दर्द के साथ ही शुरू होते हैं। वहीं, लगातार सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर का और पीठ दर्द कोलोरेक्टल या ओवेरियन कैंसर का लक्षण हो सकता है।
बिना कारण ब्लीडिंग या नील पड़ना
शरीर के किसी भी हिस्से से असामान्य ब्लीडिंग को कभी भी अनदेखा नहीं करना चाहिए, जैसे-
- खांसी में खून आना- फेफड़ों के कैंसर का संकेत
- मल या मूत्र में खून- कोलन या ब्लैडर कैंसर
- असामान्य वेजाइनल ब्लीडिंग- सर्वाइकल कैंसर
- त्वचा पर नील पड़ना- बिना किसी चोट के शरीर पर नीले निशान पड़ना प्लेटलेट्स की कमी या ल्यूकेमिया का संकेत हो सकता है।
