वजन कम करने के चक्कर में कहीं आप भी तो सच नहीं मान रहे ये 5 बातें? जान लें वेट लॉस से जुड़े 5 मिथक
वजन कम करने के लिए हर सलाह पर आंख बंद करके यकीन करना वेट लॉस को और भी ज्यादा मुश्किल बना सकता है। ...और पढ़ें
-1776073360607_m.webp)
वेट लॉस से जुड़ी हर सलाह सही नहीं होती (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। वजन कम करने के लिए अक्सर हम इंटरनेट या पड़ोसियों की कही बातों पर आंख बंद करके यकीन कर लेते हैं। लेकिन जरूरी नहीं कि ये सभी सलाहें सही ही हो। इनमें कई मिथक भी शामिल होते हैं, जो लोगों के बीच काफी फैले हैं।
इन मिथकों की वजह से वजन कम करना और भी मुश्किल हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि आप इन मिथकों में फंसने से बचें, ताकि वेट लॉस के चक्कर में सेहत को कोई नुकसान न हो। आइए जानें वेट लॉस से जुड़े कुछ मिथकों के बारे में, जिन पर आपको यकीन नहीं करना चाहिए।
कार्ब्स छोड़ने से वजन कम होता है
सबसे आम धारणा यह है कि कार्बोहाइड्रेट वजन बढ़ाने के लिए जिम्मेदार हैं। सच तो यह है कि कार्ब्स हमारे शरीर के लिए एनर्जी का सबसे अहम सोर्स हैं। समस्या कार्ब्स में नहीं, बल्कि रिफाइंड कार्ब्स, जैसे- मैदा, चीनी, सफेद चावल आदि में है। अगर आप कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट, जैसे- ओट्स, ब्राउन राइस, दालें छोड़ देते हैं, तो शरीर में थकान और कमजोरी महसूस होने लगती है। वजन कम करने के लिए कार्ब्स छोड़ना नहीं, बल्कि सही कार्ब्स खाना जरूरी है।
-1776073902120.jpg)
(AI Generated Image)
सिर्फ डाइटिंग से वजन कम हो जाता है
कई लोग सोचते हैं कि वे बिना हिले-डुले सिर्फ खाना कम करके पतले हो जाएंगे। यह सच है कि कैलोरी कम करने से वजन घटता है, लेकिन सिर्फ डाइटिंग करने से मांसपेशियां कमजोर हो सकती हैं और मेटाबॉलिज्म धीमा हो सकता है। हेल्दी वेट लॉस के लिए सही डाइट और एक्सरसाइज, दोनों ही बहुत जरूरी हैं। बिना एक्सरसाइज के वजन कम करने पर शरीर की त्वचा ढीली पड़ सकती है।
खबरें और भी
वेट लॉस के लिए सभी फैट्स को छोड़ना जरूरी है
फैट शब्द सुनते ही लोग इसे मोटापे से जोड़ लेते हैं, लेकिन हमारे शरीर के लिए हेल्दी फैट्स काफी जरूरी हैं। बादाम, अखरोट, ऑलिव ऑयल और घी जैसे सोर्स में मिलने वाले फैट्स असल में आपके दिल की सेहत के लिए अच्छे होते हैं और पेट को देर तक भरा रखते हैं। केवल ट्रांस फैट और सैचुरेटेड फैट से बचना चाहिए, न कि हेल्दी फैट्स से।
फास्टिंग से जल्दी वजन कम करने में मदद मिलती है
भूखे रहने या मील स्किप करने को अक्सर वजन घटाने का शॉर्टकट माना जाता है। लेकिन जब आप लंबे समय तक भूखे रहते हैं, तो आपका शरीर स्टार्वेशन मोड में चला जाता है और कैलोरी बर्न करना कम कर देता है। इसके अलावा, लंबी फास्टिंग के बाद जब आप खाना खाते हैं, तो ज्यादा खाने की संभावना बढ़ जाती है। इंटरमिटेंट फास्टिंग अगर सही तरीके से न की जाए, तो यह एसिडिटी और कमजोरी का कारण बन सकती है।
डाइट फूड्स खाने से वजन कम होता है
बाजार में मिलने वाले लो-फैट, शुगर-फ्री या डाइट स्नैक्स अक्सर एक मार्केटिंग चाल होते हैं। कई बार स्वाद बढ़ाने के लिए इन प्रोडक्ट्स में छिपी हुई चीनी, सोडियम और प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल किया जाता है। डाइट लेबल देखकर लोग इन्हें ज्यादा मात्रा में खा लेते हैं, जिससे कैलोरी काउंट कम होने के बजाय बढ़ जाता है। घर का बना ताजा खाना हमेशा इन पैकेट बंद डाइट फूड्स से बेहतर होता है।