गर्मियों में रात को ठंडा दूध पीना पसंद है? डायटिशियन ने बताया शरीर पर कैसा पड़ता है असर
क्या गर्मियों में रात को सोने से पहले ठंडा दूध पीने की आदत हमारे शरीर को वाकई फायदा पहुंचाती है? आइए, डायटिशियन की मदद से समझते हैं। ...और पढ़ें

गर्मियों में रात को ठंडा दूध पिएं या नहीं? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मी के इस मौसम में खुद को अंदर से ठंडा रखने के लिए हम कई जतन करते हैं। कोई ठंडा पानी पीता है, तो कोई जूस या छाछ। इन्हीं में से एक है रात को सोने से पहले फ्रिज से निकला ठंडा-ठंडा दूध पीना।
जी हां, कई लोगों के लिए यह एक पसंदीदा आदत है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रात के वक्त बेहद ठंडा दूध पीना आपके शरीर पर कैसा असर डालता है? आइए, आकाश हेल्थकेयर की हेड डाइटिक्स गिन्नी कालरा से इस बारे में विस्तार से समझते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
पोषण का खजाना है दूध
इसमें कोई दो राय नहीं है कि दूध एक संपूर्ण आहार है। यह कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन B12 जैसे जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। यह न केवल हमारे शरीर को पोषण देता है, बल्कि इसमें मौजूद 'ट्रिप्टोफैन' नाम का अमीनो एसिड रात में एक सुकून भरी नींद लाने में भी बहुत मददगार साबित होता है। लेकिन, गर्मियों के चक्कर में दूध के तापमान के साथ की गई छेड़छाड़ आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती है।
पाचन और मेटाबॉलिज्म पर असर
एक्सपर्ट के अनुसार, रात के समय हमारे शरीर की पाचन प्रक्रिया यानी मेटाबॉलिज्म थोड़ा धीमा हो जाता है। ऐसे में, अगर आप बहुत ज्यादा ठंडा दूध पीते हैं, तो यह आपके पाचन तंत्र के लिए एक चुनौती बन सकता है। इससे आपको गैस, पेट फूलना और अपच जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए, सीधे फ्रिज से निकालकर दूध पीना आपकी पाचन क्रिया को सुस्त कर सकता है।
खबरें और भी
क्या ठंडा दूध वाकई नींद के लिए सही है?
अक्सर लोग अच्छी नींद के लिए रात को दूध पीते हैं, लेकिन डायटिशियन का मानना है कि नींद की गुणवत्ता सुधारने के लिए ठंडे दूध के बजाय हल्का गुनगुना दूध कहीं ज्यादा असरदार होता है। गुनगुना दूध शरीर को रिलैक्स करता है और मन को शांत करने में मदद करता है, जबकि बहुत ज्यादा ठंडा दूध वह आराम नहीं दे पाता जो गहरी नींद के लिए जरूरी है।
किन लोगों को करना चाहिए परहेज?
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो गर्मियों में ठंडा दूध पीना पूरी तरह गलत तो नहीं है, लेकिन कुछ खास स्थितियों में यह नुकसानदेह हो सकता है। अगर आप बार-बार सर्दी-जुकाम की चपेट में आ जाते हैं, आपके गले में अक्सर खराश या इन्फेक्शन रहता है, या फिर आप 'लैक्टोज इनटॉलरेंस' के शिकार हैं, तो रात को ठंडा दूध पीना आपके लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। कमजोर पाचन वाले लोगों को भी इससे दूरी बनानी चाहिए।
सेहत और स्वाद का सही तालमेल कैसे बिठाएं?
अगर आप गर्मियों में दूध का आनंद लेना चाहते हैं और अपनी सेहत को भी सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं:
- दूध को फ्रिज से निकालते ही तुरंत न पिएं।
- उसे कुछ देर बाहर रखें ताकि वह कमरे के सामान्य तापमान पर आ जाए।
- सबसे बेहतर विकल्प यह है कि दूध को हल्का गुनगुना करके ही पिएं।
- बहुत अधिक ठंडे दूध से परहेज करें ताकि आपका गला और पेट दोनों स्वस्थ रहें।
- डायटिशियन की सलाह यही है कि सेहत और नींद के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए दूध के तापमान का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। सही तरीके से लिया गया दूध न केवल आपको ठंडक देगा, बल्कि आपकी स्लीप क्वालिटी को भी बेहतर बनाएगा।
यह भी पढ़ें- नॉर्मल दूध छोड़ क्यों A2 मिल्क पी रहे हैं लोग? जानिए इसके गजब के फायदे और कुछ नुकसान