संबंध बनाने से 30 मिनट पहले पुरुषों को लेनी होगी ये नई गोली! प्रेग्नेंसी रोकने में होगी मददगार
वैज्ञानिकों ने पुरुषों के लिए एक नई 'ऑन-डिमांड' कॉन्ट्रासेप्टिव पिल विकसित की है, जिसे सेक्स से 30 मिनट पहले लेना होगा।

वैज्ञानिकों ने तैयार की पुरुषों के लिए पहली ऑन-डिमांड कॉन्ट्रासेप्टिव पिल (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। फैमिली प्लानिंग के मामले में आज भी दुनिया भर में ज्यादातर बोझ महिलाओं को ही उठाना पड़ता है। पुरुषों के पास सिर्फ दो ही रास्ते होते हैं- कंडोम का इस्तेमाल या फिर नसबंदी। वहीं, महिलाओं को कई बार ऐसी हार्मोनल दवाइयां लेनी पड़ती हैं, जिनके अपने अलग साइड इफेक्ट्स होते हैं।
बता दें, अमेरिका के वील कॉर्नेल मेडिसिन के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा शानदार तरीका खोज निकाला है, जो इस पूरी तस्वीर को बदल कर रख देगा। दरअसल, वैज्ञानिक पुरुषों के लिए एक ऐसी खास 'ऑन-डिमांड' कॉन्ट्रासेप्टिव पिल तैयार कर रहे हैं, जो विज्ञान की दुनिया में गेम-चेंजर साबित हो सकती है।

(Image Source: AI-Generated)
कैसे काम करेगी यह गोली?
इस अनोखे प्रोजेक्ट की अगुवाई कर रहे प्रोफेसर डॉ. जोचेन बक और लोनी लेविन के मुताबिक, यह कोई ऐसी दवा नहीं है जिसे रोज खाना पड़े। पुरुष को इसे सेक्स से सिर्फ 30 मिनट पहले लेना होगा।
यह गोली शरीर में मौजूद 'sAC' नाम के एक खास एंजाइम को कुछ समय के लिए रोक देती है। आसान भाषा में समझें तो यह गोली स्पर्म के आगे बढ़ने की क्षमता को पूरी तरह से थाम देती है। जब स्पर्म अपनी जगह से हिल ही नहीं पाएंगे, तो प्रेग्नेंसी का खतरा नहीं रहेगा।
असर सिर्फ 6 से 8 घंटे तक, फिर सब हो जाता है नॉर्मल
इस दवा की सबसे बेहतरीन बात इसका शॉर्ट-टर्म असर है। दवा खाने के बाद यह सिर्फ 6 से 8 घंटे तक अपना असर दिखाती है। जैसे ही यह समय पूरा होता है, पुरुष की फर्टिलिटी बिना किसी नुकसान के पहले जैसी नॉर्मल हो जाती है।
वर्तमान में वैज्ञानिकों द्वारा पुरुषों के लिए कुछ और कॉन्ट्रासेप्टिव फॉर्मूले भी बनाए जा रहे हैं, जैसे रोज लगाने वाला जेल या इन्जेक्शन, लेकिन वे दवाइयां अपना असर दिखाने में भी हफ्तों का समय लेती हैं और उनका असर खत्म होने में भी हफ्तों लग जाते हैं। जबकि दावे के मुताबिक, यह नई गोली तुरंत काम करती है।
रिसर्च के लिए मिला 8.2 मिलियन डॉलर का फंड
यह कोई रातों-रात हुआ आविष्कार नहीं है। साल 2020 और 2023 में सफल शुरुआती टेस्टिंग के बाद अब वैज्ञानिकों का अगला लक्ष्य इस दवा को इंसानों पर टेस्ट करना है।
इंसानों पर इस सुरक्षित परीक्षण को आगे बढ़ाने के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ एंड ह्यूमन डेवलपमेंट (NICHD) ने वैज्ञानिकों को अगले चार सालों के लिए 8.2 मिलियन डॉलर की बड़ी रकम दी है। इस पैसे से वैज्ञानिक यह तय करेंगे कि दवा का कोई जहरीला प्रभाव न हो और यह इंसानों के शरीर के लिए पूरी तरह सुरक्षित हो।
सिर्फ महिलाओं का जिम्मा नहीं रहेगा बर्थ कंट्रोल
बाजार में इस दवा को जल्द से जल्द उतारने और इसे FDA से मंजूरी दिलाने के लिए वैज्ञानिकों की इस टीम ने Sacyl Pharmaceuticals, Inc. नाम की एक कंपनी भी शुरू कर दी है।
अगर सब कुछ सही रहा, तो वह दिन दूर नहीं जब गर्भनिरोधक की जिम्मेदारी सिर्फ महिलाओं की नहीं होगी, बल्कि पुरुष भी मेडिकल स्टोर जाकर अपने लिए एक सुरक्षित और आसान विकल्प चुन सकेंगे।
यह भी पढ़ें- अचानक कम हो गया है पीरियड्स का फ्लो? राहत नहीं, हो सकती है खतरे की घंटी! एक्सपर्ट ने दी चेतावनी
यह भी पढ़ें- असुरक्षित यौन संबंध बनाने के बाद सता रहा है प्रेग्नेंसी का डर? डॉक्टर ने बताया क्या होना चाहिए 'अगला कदम'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।