सिगरेट छोड़ना चाहते हैं, लेकिन हो नहीं पा रहा? डॉक्टर की ये 6 आसान टिप्स कर सकती हैं कमाल
स्मोकिंग छोड़ना मुश्किल लग सकता है, लेकिन कुछ टिप्स फॉलो करके ऐसा किया जा सकता है। ...और पढ़ें

सिगरेट छोड़ना लग रहा है मुश्किल? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। स्मोकिंग छोड़ना सिर्फ आपके फेफड़ों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। हालांकि, शुरुआत में सिगरेट की लत छोड़ना काफी मुश्किल या नामुमकिन लग सकता है। लेकिन सही दिशा और मजबूत इरादे से स्मोकिंग को पूरी तरह छोड़ा जा सकता है।
इसी से जुड़ी कुछ जरूरी टिप्स डॉ. मनु मदान (सीनियर कंसल्टेंट, रेस्पिरेटरी एंड स्लीप मेडिसिन, मेदांता अस्पताल, नोएडा) बता रहे हैं। आइए जानें सिगरेट छोड़ने के लिए कुछ स्पेशल टिप्स, जो इस सफर में आपकी काफी मदद करेंगे।
एक तारीख तय करें
छोड़ने की प्रक्रिया की शुरुआत एक ठोस फैसले से होती है कि आप इस तारीख से सिगरेट पीना छोड़ देंगे। इसलिए सबसे पहले एक क्विट डेट सेट करें। अपने परिवार और दोस्तों को अपने इस फैसले के बारे में जरूर बताएं, ताकि वे आपको मेंटल सपोर्ट दे सकें। साथ ही, अपने घर और वर्कप्लेस से सिगरेट, लाइटर और एशट्रे जैसी चीजों को हटा दें, क्योंकि इन्हें देखकर दोबारा स्मोक करने की इच्छा जाग सकती है।
क्रेविंग को कैसे कम करें?
निकोटीन की लत के कारण सिगरेट पीने की तेज इच्छा होना स्वाभाविक है, लेकिन अच्छी बात यह है कि यह तलब आमतौर पर केवल कुछ मिनटों के लिए ही रहती है। जब भी सिगरेट पीने का मन करे, तो गहरी सांस लें, पानी पिएं, शुगर-फ्री गम चबाएं या थोड़ी देर टहलने निकल जाएं। ये छोटी-छोटी चीजें उस वक्त आपका ध्यान भटकाने में बहुत मददगार साबित होती हैं।
लाइफस्टाइल में बदलाव
स्मोकिंग छोड़ने के दौरान शरीर में होने वाले बदलाव, जिन्हें विड्रॉव्ल सिम्टम कहते हैं, को मैनेज करने के लिए फिजिकल एक्सरसाइज और पूरी नींद बहुत जरूरी है। एक्सरसाइज और अच्छी नींद न केवल आपके मूड को बेहतर बनाती है, बल्कि सिगरेट छोड़ने की प्रक्रिया को भी आसान बनाती है।
खबरें और भी

(AI Generated Image)
डॉक्टर की मदद
डॉक्टरी नजरिए से देखें तो कई लोगों के लिए निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी जैसे कि पैच, गम या लोजेंज काफी फायदेमंद होते हैं। ये शरीर को निकोटीन की कमी महसूस नहीं होने देते। कुछ मामलों में, डॉक्टर तलब को कंट्रोल करने के लिए दवाएं भी लिख सकते हैं।
हार न मानें
अगर आप कोशिश के बावजूद दोबारा सिगरेट पी लेते हैं, तो निराश न हों। कई लोगों को पूरी तरह सफल होने से पहले कई बार कोशिश करनी पड़ती है। डॉक्टर की सलाह और मजबूत प्रेरणा के साथ स्मोकिंग छोड़ना बिल्कुल मुमकिन है।