पहले रोटी खाएं या सब्जी? खाने का यह तरीका रखेगा बीमारियों को दूर, जानें क्या है सही मील सीक्वेंस
स्वस्थ रहने के लिए खाने का सही क्रम महत्वपूर्ण है। अक्सर लोग पहले कार्बोहाइड्रेट्स खाते हैं, लेकिन यह आदत बदलनी चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, पहले हरी ...और पढ़ें

खाने का सही क्रम अपनाएं: बीमारियों से बचें, ब्लड शुगर और वजन नियंत्रित करें (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हेल्दी रहने के लिए अच्छा खाना और समय पर खाना सबसे ज्यादा जरूरी होता है। अपने सेहत दुरुस्त रखने के लिए लोग अक्सर इस बात कर गौर करते हैं कि वह क्या खा रहे हैं और कब खा रहे हैं, लेकिन कैसे खा रहे हैं, इस पर कोई ध्यान नहीं देता।
आपको जानकर हैरानी होगी आपके खाने का क्रम भी काफी हद तक आपकी सेहत को प्रभावित करता है। आज इस आर्टिकल में मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, वैशाली में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के प्रिसिंपल कंसल्टेंट डॉ. आशीष गर्ग से जानेंगे कि कैसे खाने का क्रम आपकी सेहत को प्रभावित करता है और खाने का सही क्रम क्या है?
बदलनी होगी खाने की आदत
अक्सर भूख लगने पर हम सबसे पहले रोटी, चावल, चिप्स या ब्रेड (कार्बोहाइड्रेट्स) खाना शुरू कर देते हैं, लेकिन अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं या वजन कम करना चाहते हैं, तो आपको अपनी यह आदत बदलनी होगी। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आप 'क्या' खा रहे हैं, इसके साथ-साथ यह भी मायने रखता है कि आप 'किस क्रम' (Order) में खा रहे हैं।
क्या है खाने की सही सीक्वेंस?
अक्सर खाने की शुरुआत में लोग पहले रोटी, फिर सब्जी और बाद में सलाद खाते हैं, लेकिन यह खाने का सही क्रम या सीक्वेंस नहीं है। साइंस के मुताबिक इस सीक्वेंस को रिवर्स करना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। हेल्दी रहने के लिए खाने के इस सीक्वेंस को फॉलो करें-
खबरें और भी
- सबसे पहले: हरी सब्जियां (फाइबर) खाएं।
- उसके बाद: प्रोटीन और फैट जैसे-दाल, चिकन, मछली, पनीर खाएं।
- सबसे अंत में: रोटी, चावल, आलू, पास्ता जैसे कार्बोहाइड्रेट्स खाएं।
आखिर में कार्ब्स खाने के फायदे
- शुगर स्पाइक नहीं होता: जब आप कार्ब्स (रोटी/चावल) को लास्ट में खाते हैं, तो यह शरीर में धीरे-धीरे पचता है। इससे खाने के तुरंत बाद ब्लड शुगर एकदम से नहीं बढ़ता।
- वेट लॉस में मददगार: जब आप खाने की शुरुआत सब्जियों से करते हैं, तो इसमें मौजूद फाइबर की वजह से आपका पेट जल्दी भर जाता है। नतीजा यह होता है कि आप लास्ट में रोटी या चावल कम खाते हैं, जिससे कैलोरी कंट्रोल में रहती है।
बढ़ती उम्र में क्यों जरूरी मील सीक्वेंसिंग?
वैसे तो खाने का यह तरीका सभी के लिए फायदेमंद है, लेकिन बढ़ती उम्र में इसे फॉलो करना ज्यादा जरूरी हो जाता है। दरअसल, जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, शरीर में मौजूद अग्न्याशय यानी पैनक्रियाज इंसुलिन बनाने में धीमा हो जाता है। इंसुलिन ही ब्लड शुगर को कंट्रोल करता है। इसलिए उम्र बढ़ने पर या डायबिटीज होने पर खाने का यह क्रम शुगर लेवल को कंट्रोल रखने में बहुत मदद करता है।