कौन-सा मैट खरीदें? कपड़े कैसे हों? पहली बार योग करने वालों के हर सवाल का जवाब है यहां
अगर आप पहली बार योग शुरू करने जा रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों के बारे में जान लें। सही ...और पढ़ें

योग करने से पहले जान लें ये बातें (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। योग आज पूरी दुनिया में अपना लोहा मनवा चुका है। फिजिकल फिटनेस से लेकर मेंटल पीस तक में, योग काफी असरदार साबित होता है। इसलिए आज कई लोग योग को अपनी जिंदगी का हिस्सा बना रहे हैं।
अगर आप भी पहली बार योग को अपने फिटनेस रूटीन में शामिल करने जा रहे हैं, तो आपके मन में भी कई सवाल होंगे, जैसे- कौन-सा मैट खरीदें, योग के कपड़े कैसे होने चाहिए या शुरुआत कैसे करें? इन्हीं कुछ सवालों का जवाब हम इस आर्टिकल में जानेंगे, ताकि आपका योग का सफर सुरक्षित और फायदेमंद साबित हो। आइए जानें योग से जुड़ी कुछ जरूरी बातें।
सही योग मैट चुनें
योग करने के लिए आपको एक सही मैट की जरूरत होती है। एक गलत मैट के कारण आपके हाथ-पैर फिसल सकते हैं और चोट लगने का खतरा रहता है। इसलिए शुरुआत के लिए 4-6 मिमी मोटाई वाला मैट सबसे अच्छा है। यह आपके घुटनों और जॉइन्ट्स को कुशनिंग देता है। इसके साथ ही मटीरियल का भी ध्यान रखें। टीपीई या रबर से बनें मैट चुनें, जिनकी ग्रिप अच्छी होती है। पीवीसी से बने मैट सस्ते तो होते हैं, लेकिन ये जल्दी फिसल जाते हैं।
आरामदायक कपड़े पहनें
योग करते समय ऐसे कपड़े पहनें, जो आपकी मूवमेंट में कोई बाधा न डालें। बहुत ज्यादा टाइट कपड़े पहनने से बचें, क्योंकि योग में ब्रीदिंग पर ध्यान देना बहुत जरूरी है और टाइट कपड़ों में सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। इसी तरह बहुत ज्यादा ढीले कपड़े भी न पहनें। इनसे भी मूवमेंट में दिक्कत हो सकती है। योग के लिए हमेशा सूती या ऐसे फैब्रिक का कपड़ा चुनें, जो पसीना अब्जॉर्ब करें और त्वचा को सांस लेने दें।
खाली पेट योग करें
योग का सबसे पहला और जरूरी नियम है कि इसे खाली पेट किया जाए। इसलिए सुबह के समय योग के लिए सबसे बेस्ट है। अगर आप शाम को योग कर रहे हैं, तो खाने के कम से कम 4-5 घंटे बाद ही योग करें।
शरीर की लिमिट्स पुश न करें
पहले ही दिन सोशल मीडिया पर दिखने वाले मुश्किल आसानों से शुरुआत न करें। शुरुआत हमेशा आसान आसनों, जैसे ताड़ासन, शशांकासन, सुखासन आदि से करें, ताकि आपकी बॉडी स्ट्रेच हो। अगर किसी आसान को करते समय शरीर में तेज दर्द महसूस हो तो, तुरंत रुक जाएं वरना मांसपेशियां डैमेज हो सकती हैं। साथ ही, अगर आपको आर्थराइटिस या कोई पुरानी बीमारी है, तो योग शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर से संपर्क कर लें।
सांसों की गति पर ध्यान
योग करते समय सांसों पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। इसलिए आसन करते समय अपनी ब्रीदिंग पर ध्यान दें और हर मूवमेंट के साथ गहरी और लंबी सांस लें और छोड़ें। प्राणायाम से शुरुआत करना आपके फेफड़ों और दिमाग को शांत करने में मदद करेगा।
