चिलचिलाती धूप में बाहर निकलते ही फटने लगता है सिर? गर्मियों में सिरदर्द से बचने के लिए टिप्स
गर्मी के मौसम में सिरदर्द की समस्या काफी बढ़ जाती है, लेकिन कुछ आसान तरीकों से इसे आसानी से मैनेज किया जा सकता है। ...और पढ़ें

सिरदर्द की समस्या से हैं परेशान? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मियों का मौसम सिर्फ पसीने, चिपचिपाहट और थकान तक ही सीमित नहीं रहता; कई लोगों के लिए यह अपने साथ सिरदर्द की समस्या भी साथ लेकर आता है। आपने भी शायद गौर किया हो कि जैसे-जैसे बाहर का पारा चढ़ता है, माथे की नसें फड़कने लगती हैं।
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि तेज धूप और हमारे सिरदर्द का आपस में इतना गहरा कनेक्शन क्यों है? आइए डॉ. आदित्य गुप्ता (डायरेक्टर, न्यूरोसर्जरी एंड साइबरनाइफ, आर्टिमिस हॉस्पिटल, गुरुग्राम) से जानते हैं समर हेडेक के पीछे छिपे असली कारण और इस झुलसा देने वाली गर्मी में सिरदर्द से बचने के कुछ आसान तरीके।
गर्मी में सिरदर्द होने के कारण
- डिहाइड्रेशन- यह सबसे आम कारण है। जब शरीर पसीने के जरिए पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स खो देता है, तो दिमाग के टिश्यू कुछ समय के लिए सिकुड़ सकते हैं, जिससे दर्द महसूस होता है।
- सूरज की चकाचौंध- तेज धूप और तेज रोशनी सीधे आंखों पर पड़ने से नसों में तनाव पैदा होता है, जो माइग्रेन के मरीजों के लिए एक बड़ा ट्रिगर है।
- हार्मोनल बदलाव- मौसम की स्थिति आपके सेरोटोनिन लेवल को प्रभावित कर सकती है। हार्मोन में होने वाले ये उतार-चढ़ाव सिरदर्द और माइग्रेन का कारण बनते हैं।
- उमस और प्रेशर- उमस और वातावरण के दबाव में अचानक गिरावट भी नसों में सूजन या कॉन्ट्रैक्शन पैदा कर सकती है।
- हीट एग्जॉशन- धूप में लंबे समय तक रहने से हीट स्ट्रोक या लू लगने का खतरा रहता है। सिरदर्द इसका एक शुरुआती लक्षण है, जिसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
सिरदर्द को कैसे मैनेज करें?
- हाइड्रेटेड रहें- प्यास लगने का इंतजार न करें। दिनभर भरपूर मात्रा में पानी, नारियल पानी या नींबू पानी पीते रहें।
- धूप से बचाव- बाहर निकलते समय सनग्लासेस और चौड़े किनारे वाली टोपी पहनें। यह आंखों के तनाव और सूरज की सीधी रोशनी को रोकने में मदद करेगा।
- ठंडी जगह पर आराम- अगर धूप से आने के बाद सिर भारी लगे, तो तुरंत किसी ठंडे या पंखे वाले कमरे में लेटें। अंधेरे कमरे में आराम करने से माइग्रेन के दर्द में जल्दी राहत मिलती है।
- रूटीन बनाएं- गर्मी के दिनों में अक्सर नींद और खाने का समय बदल जाता है। कोशिश करें कि आपकी नींद पूरी हो और आप समय पर खाना खाएं, क्योंकि खाली पेट रहने से भी सिरदर्द बढ़ सकता है।
- ठंडी सिकाई- माथे या गर्दन के पीछे ठंडे पानी की पट्टी या आइस पैक रखने से नसों को सुकून मिलता है और दर्द कम होता है।
डॉक्टर को कब दिखाएं?
हर सिरदर्द सामान्य नहीं होता। अगर सिरदर्द के साथ कुछ लक्षण भी दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाना जरूरी है-
- सिर में बहुत तेज दर्द
- उल्टी या चक्कर आने की समस्या हो
- धुंधला दिखाई देना या आंखों के सामने अंधेरा छाना।
- तेज बुखार या कन्फ्यूजन