Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    World Brain Tumor Day 2025: सिरदर्द से शुरू होती है हर सुबह? कहीं आपका शरीर तो नहीं दे रहा कोई इशारा

    Updated: Sat, 07 Jun 2025 03:24 PM (IST)

    क्या आपके दिन की शुरुआत भी एक चुभते हुए सिरदर्द के साथ होती है और आप इसे बस नींद की कमी स्ट्रेस या गर्मी का असर मानकर टाल देते हैं? अगर हां तो सावधान ...और पढ़ें

    सिरदर्द से होती है दिन की शुरुआत, तो समझें शरीर दे रहा है किस समस्या का संकेत (Image Source: Freepik)
    सिरदर्द से होती है दिन की शुरुआत, तो समझें शरीर दे रहा है किस समस्या का संकेत (Image Source: Freepik)

    HighLights

    1. लगातार होने वाले सिरदर्द को नॉर्मल समझना बिल्कुल भी ठीक नहीं है।
    2. सिरदर्द के पैटर्न्स को वक्त रहते समझकर आप ब्रेन ट्यूमर से बचाव कर सकते हैं।
    3. स्ट्रेस, माइग्रेन, साइनस या आंखों पर जोर पड़ने से भी सिरदर्द हो सकता है।

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप भी अक्सर सुबह उठते ही सिरदर्द का सामना करते हैं? अगर हां, तो यह सिर्फ एक मामूली परेशानी नहीं, बल्कि आपके शरीर का एक गुप्त संकेत हो सकता है कि कुछ गड़बड़ चल रही है। रोजाना सुबह सिर में दर्द होना आपकी लाइफस्टाइल, नींद की गुणवत्ता या मेंटल इश्यू से जुड़ी समस्याओं का परिणाम हो सकता है।

    आइए 8 जून को मनाए जाने वाले World Brain Tumor Day 2025 के मौके पर डॉ. अमित श्रीवास्तव (निदेशक- न्यूरोलॉजी, मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, नोएडा) से जानते हैं कि बार-बार सुबह सिरदर्द होना किन कारणों से हो सकता है और यह आपके शरीर के बारे में क्या बताने की कोशिश कर रहा है।

    नींद की कमी या अनिद्रा

    रात में ठीक से नींद न आना या बार-बार नींद का टूटना, शरीर और दिमाग दोनों पर गहरा असर डालता है। जब नींद पूरी नहीं होती, तो ब्रेन को आराम नहीं मिल पाता, जिससे सुबह उठते ही सिरदर्द होना आम हो जाता है। अनिद्रा की स्थिति में यह दर्द लगातार बना रह सकता है और समय के साथ माइग्रेन में भी बदल सकता है।

    स्ट्रेस और डिप्रेशन

    अगर आप मानसिक दबाव, चिंता या उदासी से गुजर रहे हैं, तो यह भी सुबह सिरदर्द का कारण बन सकता है। मेंटल हेल्थ और सिरदर्द का आपस में गहरा संबंध है। स्ट्रेसफुल दिमाग पूरी तरह से आराम नहीं कर पाता, जिससे नींद बाधित होती है और सिरदर्द शुरू हो जाता है। ऐसे में किसी डॉक्टर से सलाह लेना फायदेमंद हो सकता है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- द‍िमाग को हेल्‍दी बनाए रखेंगी ये 5 अच्‍छी आदतें; जानें इनके बारे में

    स्लीप एपनिया

    क्या आपको रात में खर्राटे आते हैं या सांस लेने में रुकावट महसूस होती है? अगर हां, तो हो सकता है आपको स्लीप एपनिया नामक समस्या हो। इस स्थिति में व्यक्ति की नींद बार-बार टूटती है, जिससे नींद अधूरी रह जाती है। नतीजा- सुबह उठते ही सिरदर्द। हालांकि यह दर्द ज्यादा देर नहीं रहता, पर यह इस बात का संकेत है कि आपकी नींद की गुणवत्ता ठीक नहीं है।

    सोते वक्त दांत पीसना

    कुछ लोगों को सोते समय अनजाने में दांत भींचने या पीसने की आदत होती है। यह आदत चेहरे और सिर की मांसपेशियों पर दबाव डालती है, जिससे सिरदर्द हो सकता है। अगर आपको सुबह जबड़े में जकड़न या दांतों में दर्द महसूस होता है, तो यह इसका संकेत हो सकता है।

    बहुत ज्यादा सोना

    नींद की कमी की तरह ही, बहुत ज्यादा सोना भी सिरदर्द की वजह बन सकता है। जब हम शरीर की नेचुरल सोने-जागने की प्रक्रिया (Circadian Rhythm) को बिगाड़ते हैं, तो शरीर में हार्मोन का संतुलन प्रभावित होता है, जिससे सुबह सिरदर्द हो सकता है। इसलिए बहुत ज्यादा देर तक सोने से बचना चाहिए।

    इस समस्या से बचाव के लिए क्या करें?

    • नियमित नींद लें – हर दिन एक तय समय पर सोना और उठना फायदेमंद हो सकता है।
    • स्ट्रेस मैनेज करें – मेडिटेशन, योग और हल्की एक्सरसाइज मदद कर सकती है।
    • डॉक्टर से सलाह लें – अगर सिरदर्द रोज का नियम बन गया है, तो एक्सपर्ट से कंसल्ट करना जरूरी है।
    • सोने का सही तरीका अपनाएं – सही तकिए का यूज करें और करवट लेकर सोने की आदत डालें।

    हर सुबह सिरदर्द होना सामान्य बात नहीं है। यह आपके शरीर का एक संकेत है कि कुछ गड़बड़ चल रहा है। इसे नजरअंदाज करना लॉन्ग टर्म में सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। सही समय पर कारण को पहचान कर उसका हल ढूंढ़ना बेहद जरूरी है।

    यह भी पढ़ें- किन लोगों में होता है ब्रेन ट्यूमर का खतरा और क्या इससे जा सकती है याददाश्त?