पुरानी साड़ी को फेंकने के बजाय ऐसे सजाएं अपना आशियाना, घर को मिलेगा एकदम लग्जरी और एथनिक लुक
साड़ी कॉटन की हो, सिल्क की हो, शिफान की हो या फिर वेलवेट की एक समय बाद उसमें चमक कम हो जाती है।

पुरानी साड़ी को होम डेकोर में इस्तेमाल करने के तरीके (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय घरों में साड़ी को संस्कृति से जोड़कर देखा जाता है, ऐसा हो ही नहीं सकता कहीं साड़ी पहनने का चलन न हो। साड़ी कॉटन की हो, सिल्क की हो, शिफान की हो या फिर वेलवेट की एक समय बाद उसमें चमक कम हो जाती है और वो पुरानी लगने लगती है। ऐसे में क्यों न इसी पुरानी साड़ी से घर को सजा लिया जाए? दरअसल, हम बात कर रहे हैं होम डेकोर की, जिसमें पुरानी साड़ियों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
पुरानी साड़ी को होम डेकोर में इस्तेमाल करने के तरीके
वैसे तो कई घरों में पुरानी साड़ी को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में रिवाज के रूप में दिया जाता है, पर यहां हम उन साड़ियों की बात कर रहे हैं, जिन्हें आप निकालने की सोच रहे हैं। आइए जानते हैं कैसे इन पुरानी साड़ियों को होम डेकोर में शामिल किया जा सकता है:
परदे
6 मीटर लंबी साड़ी से बेहद खूबसूरत परदों को बनाया जा सकता है। साड़ी की लंबाई और खूबसूरत पैटर्न और डिजाइन कमरे या ड्रॉइंग रूम में चार चांद लगा सकती है। जरूरी नहीं कि एक ही साड़ी से परदे बनाएं, इसमें 2-3 साड़ियों को भी जोड़ा जा सकता है। इसके अलावा, नेट वाली साड़ी से जालीदार या पतले परदों जिन्हें शीयर कर्टेन कहते हैं, के लिए बेस्ट हैं।
टेबल कवर
अब ये सालों से रखी पुरानी साड़ियां कब काम आएंगी? अपने डाइनिंग स्पेस को इससे डेकोर करने की सोचें। साड़ी को टेबल के साइज के हिसाब से काट लें और फिर उसपर ट्रांसपैरेंट प्लास्टिक जोड़ें। इससे कवर को आसानी से साफ किया जा सकता है और कवर भी मार्केट में मिलने वाले कवर जैसा चमकेगा।
कुशन्स
साड़ियों का खूबसूरत पैटर्न, उसकी डिजाइन और रंग कुशन्स को एक ट्रेडिशनल लुक दे सकते हैं। राजस्थानी या गुजराती होम डेकोर के हिसाब से साड़ियों से बने कुशन्स परफेक्ट हैं। साड़ियों से कुशन्स बनाकर उसपर अपनी पसंद की लैस लगाएं।
वॉल आर्ट
हैंडपेंटेड, कॉटन या खादी की साड़ियों से ट्रेडिशनल वॉल आर्ट भी बनाई जा सकती है। इसके लिए कई साड़ियों के छोटे-छोटे टुकड़े काटकर फ्रेम में लगाएं।
स्टोरेज बास्केट
पुरानी साड़ियों से एक स्टोरेज बास्केट बनाएं, एक तो इसका लुक इतना सुंदर और ऊपर से यूजफुल भी। इसे मजबूती देने के लिए अंदर की साइड एक मजबूत कार्डबोर्ड लगाएं और ऊपर के लुक के लिए साड़ी का फैब्रिक इस्तेमाल करें।
