खिड़की से आते हों मक्खी-मच्छर या गीले हों जूते, मॉनसून की इन दिक्कतों को चुटकियों में दूर करेंगे ये आसान हैक्स
बारिश की यह सौगात अपने साथ कई सारी परेशानी लेकर आती है, जिनसे हम हर रोज किसी न किसी तरह से जूझते हैं।

बारिश के मौसम में घर की देखभाल के लिए हैक्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। मॉनसून ने दस्तक दे दी है और बाहर से आती गीली मिट्टी और ताजी हवा ने मूड फ्रेश कर दिया है। पर बारिश की यह सौगात अपने साथ कई सारी परेशानी लेकर आती है, जिनसे हम हर रोज किसी न किसी तरह से जूझते हैं। फिर चाहे वो मच्छर या मक्खी का बढ़ना हो, लकड़ी के फर्नीचर में सीलन हो या जूतों का गीला होना। अगर आप भी इनसे परेशान हैं तो चलिए इसका समाधान खोजते हैं। यहां ऐसे कई टिप्स बताए जा रहे हैं जिन्हें फॉलो करके घर को नमी वाला नहीं बल्कि ताजगी भरा रखा जा सकता है।
मच्छर-मक्खियों और कीड़े-मकौड़ों से छुटकारा
बारिश के मौसम में हवा सुहावनी लगती है लेकिन खिड़की दरवाजे खोलने से मच्छर और मक्खियों की भी एंट्री हो जाती है। इनसे छुटकारा पाने के लिए कई तरीके अपनाए जा सकते हैं। पहला तरीका तो नीम है जो नेचुरली कीटरोधक होती है। सूखी नीम की पत्तियों का धुआं घर में दिन में दो बार घुमाएं। इसके अलावा, लौंग या कपूर का धुआं भी मच्छर-मक्खियों और कीड़े-मकौड़ों को दूर भगाने के काम आता है।
गीले जूते सुखाने का तरीका
बारिश में गीले जूते जल्दी सुखाने के लिए सबसे असरदार तरीका है न्यूजपेपर और टीशू पेपर। इसके लिए सबसे पहले जूतों का पानी अच्छे से निकाल लें और उसके बाद अखबार या टीशू पेपर उसमें भरकर रख दें। इसके अलावा, सिलिका जेल के पैकेट भी नमी सोखने में मदद करते हैं।
लकड़ी के फर्नीचर और दरवाजे सीलन से बचाने के टिप्स
लकड़ी के फर्नीचर और दरवाजों में मॉनसून के सीजन में सबसे ज्यादा सीलन का खतरा रहता है। इससे बचने की पहली शर्त तो यह है कि घर को हवादार रखा जाए ताकि नमी उनमें ठहरने न पाए। साथ ही, कोशिश करें कि फर्नीचर और दीवार के बीच 2-3 इंच की दूरी हो। दरवाजों और फर्नीचर के निचले हिस्सों पर लैमिनेशन करवाना भी उन्हें सीलन से बचा सकता है। बता दें कि लकड़ी से बनी चीजों पर अच्छी क्वालिटी की वार्निश और पॉलिश की कोटिंग भी सीलन से बचाने में मदद करती है।
गीले कपड़ों की बदबू दूर करने के तरीके
बरसात में सुखाने के बाद भी कपड़ों में नमी रह जाती है, एग्जॉस्ट फैन और पंखे में उन्हें पूरी तरह से सोखने के बाद ही अलमारी में रखें। कपड़े धोते समय पानी में सेब का सिरका मिलाने से कपड़ों में बैक्टीरिया और बदबू पैदा करने तत्व नहीं पनपते।
