गर्मियों में झुलसने लगी है अपराजिता की बेल? इन खास नुस्खों से फिर फूलों से लद जाएगा पौधा
तेज गर्मी के कारण अपराजिता का पौधा सूखने लगता है, लेकिन कुछ आसान गार्डनिंग टिप्स से आप पौधे को फिल से हरा-भरा बना सकते हैं। ...और पढ़ें

सूखने लगा है अपराजिता का पौधा? (AI Generated Image)
HighLights
तेज धूप से बचाने के लिए ग्रीन नेट और मल्चिंग करें
केले के छिलके और चायपत्ती की खाद का उपयोग करें
सुबह-शाम पानी दें और नियमित रूप से प्रूनिंग करें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। इस बढ़ती गर्मी के बीच हमारे साथ-साथ हमारे पौधों का भी हाल बेहाल हो रहा है। नीले और सफेद खूबसूरत फूलों वाली अपराजिता की बेल वैसे तो मौसम की मार झेलने के लिए काफी मजबूत होती है, लेकिन ऐसी भीषण गर्मी में यह पौधा भी सूखने लगता है।
तेज गर्मी के कारण इसके पत्ते पीले पड़ने लगते हैं, बेल सूखने लगती है और फूल आने तो जैसे बंद ही हो जाते हैं। अगर आपके अपराजिता के पौधे के साथ भी यह समस्या हो रही है, तो चिंता मत करिए। कुछ बहुत ही आसान नुस्खों से आप अपनी अपराजिता की बेल को फिर से हरा-भरा और फूलों से लदा बना सकते हैं। आइए जानें कैसे।
ग्रीन नेट और मल्चिंग
तेज धूप के कारण पौधे की पत्तियां झुलसने लगती हैं। इसलिए सबसे पहला काम पौधे को छांव और नमी देना है। धूप से बचाने के लिए अपनी छत या बालकनी में ग्रीन नेट लगा सकते हैं। इससे धूप सीधी पौधे पर नहीं पड़ती। अगर आपके पास ग्रीन नेट नहीं है, तो आप किसी सूती कपड़े से भी पौधे के पास छांव कर सकते हैं, ताकि दोपहर की तेज धूप से पौधा बचा रहे।
पौधे में नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग बहुत जरूरी है। इसके लिए आप गमले की ऊपरी मिट्टी पर सूखे पत्ते या नारियल के छिलके बिछा दें। इससे मिट्टी में नमी लंबे समय तक बनी रहेगी।
केले के छिलके और चायपत्ती की खाद
अपराजिता के पौधे पर फूल उगाने के लिए पोटेशियम और नाइट्रोजन की जरूरत होती है। इसके लिए आप चायपत्ती और केले के छिलके की खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस्तेमाल की हुई चायपत्ती को अच्छी तरह धोकर सुखा लें और हफ्ते में एक बार यह खाद पौधे की मिट्टी में मिलाएं। इससे पौधे की मिट्टी एसिडिक बनेगी, जो अपराजिता के पौधे के लिए जरूरी है।
खबरें और भी
केले के छिलके से खाद बनाने के लिए 2-3 केले के छिलकों को एक लिटर पानी में दो दिनों के लिए भिगोकर रख दें। इस पानी को पौधे की जड़ों में डालें। यह पोटेशियम का सोर्स है, जिससे पौधे पर कलियां और फूल आने लगेंगे।
पानी देने का सही नियम और प्रूनिंग
गर्मी के मौसम में पौधों को पानी देने का गलत तरीका पौधे को सुखा सकता है। अपराजिता को सुबह के समय या शाम में सूरज ढलने के बाद ही पानी दें। दोपहर में पानी देने से मिट्टी जल्दी गर्म हो जाती है, जिससे जड़ों को नुकसान होता है। साथ ही, बहुत ज्यादा पानी एक साथ न दें। इससे भी जड़े सड़ सकती हैं।
पौधे को फूलों से लदा रखने के लिए प्रूनिंग भी काफी जरूरी है। अगर कोई डाली पूरी तरह सूख चुकी है, तो उसे काटकर हटा दें। साथ ही, टहनियों के ऊपरी हिस्से को उंगली से पिंच करके हटा दें, ताकि बेल घनी रहे और ज्यादा शाखाएं। इससे पौधा ज्यादा फूल भी देगा।
अपराजिता के फूल सूखकर बीज बन जाते हैं। अगर आपको बीज नहीं चाहिए, तो सूखे हुए फूलों को हटा दें। इससे पौधे की एनर्जी नए फूल उगाने में लगेगी और पौधा फूलों से लदा रहेगा।