मुरझाते पौधों के लिए 'संजीवनी' से कम नहीं चावल का पानी, बस इस तरह करें इस्तेमाल और देखें कमाल
अक्सर बेकार समझा जाने वाला चावल का पानी असल में पौधों के लिए एक प्राकृतिक संजीवनी है। ...और पढ़ें

बेकार न समझें चावल का पानी, आपके पौधों के लिए किसी 'मैजिक ड्रिंक' से कम नहीं (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर हम देखते हैं कि बहुत देखभाल करने और समय पर पानी देने के बाद भी हमारे घर के गमलों में लगे पौधे मुरझाने लगते हैं। उनकी पत्तियां पीली पड़ जाती हैं और उनकी ग्रोथ रुक जाती है। ऐसे में, हम बाजार से महंगे से महंगी खाद ले आते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी अपनी रसोई में ही इन पौधों के लिए एक 'संजीवनी बूटी' छिपी है? जी हां, वह है चावल का पानी।

(Image Source: AI-Generated)
चावल के पानी में ऐसा क्या है खास?
चावल का पानी, जिसे हम अक्सर बेकार समझकर सिंक में बहा देते हैं, असल में मिनरल्स और विटामिन्स का खजाना है। इसमें भरपूर मात्रा में स्टार्च, नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटैशियम होता है। ये बिल्कुल वही पोषक तत्व हैं जो बाजार में मिलने वाली महंगी खाद में होते हैं। बता दें, चावल का पानी मिट्टी में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाता है, जड़ों को मजबूत करता है और पौधों को फिर से हरा-भरा कर देता है।
कैसे तैयार करें पौधों के लिए चावल का पानी?
इसे बनाना बेहद आसान है और इसके दो मुख्य तरीके हैं:
- चावल धोने वाला पानी: जब भी आप घर में चावल पकाने के लिए उन्हें पानी से धोते हैं, तो जो सफेद और धुंधला पानी निकलता है, उसे एक बर्तन में इकट्ठा कर लें।
- उबले चावल का पानी: अगर आप चावल उबालकर बनाते हैं, तो उसका बचा हुआ गाढ़ा पानी भी बहुत फायदेमंद है। बस यह ध्यान रहे कि यह गर्म न हो और इसमें नमक न हो। इसके अलावा, इसका यूज करने से पहले इसे सादे पानी में मिलाकर थोड़ा पतला कर लें, क्योंकि गाढ़ा मांड पौधों की मिट्टी को ब्लॉक कर सकता है।
इस्तेमाल करने का सही तरीका
- जड़ों में डालें: इस तैयार पानी को सामान्य पानी की तरह ही पौधों की जड़ों में डालें। इससे मिट्टी की उपजाऊ क्षमता बढ़ती है।
- पत्तियों पर स्प्रे करें: आप इस पानी को एक स्प्रे बोतल में भरकर पौधों की पत्तियों पर भी छिड़क सकते हैं। ऐसा करने से पत्तियों पर एक प्राकृतिक चमक आती है और वे धूप से भी सुरक्षित रहती हैं।
कितनी बार डालें?
बेस्ट रिजल्ट्स के लिए आप 10 से 15 दिन में एक बार अपने पौधों को चावल का पानी दे सकते हैं।