केक नहीं... अजूबा! सऊदी की रॉयल शादी के लिए पेरिस में तैयार हुआ 500 किलो का विशाल वेडिंग केक
500 किलो का यह केक कोई मामूली नहीं, बिल्कुल किसी आर्किटेक्चर जैसा लगता है।

केक में 33,000 से भी ज्यादा फूलों की पंखुड़ियां लगीं (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। फ्रांस की राजधानी पेरिस हमेशा एफिल टॉवर की पॉपुलैरिटी और वहां होने वाले खास आयोजनों की वजह से सुर्खियों में रहती है। वहीं, इस बार पेरिस ने बेकिंग से जुड़ा नया कीर्तिमान हासिल किया है। बता दें कि पेरिस के बेहद मशहूर पेस्ट्री शेफ ने अपनी बेकिंग का जादू दिखाकर सारी दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
500 किलो का वेडिंग केक
पेरिस के कैटलन पेस्ट्री शेफ मार्क सुआरेज ने हाल ही में 500 किलो के वजन वाला और करीब 3.5 मीटर ऊंचा वेडिंग केक तैयार किया। इस केक का ऑर्डर सऊदी फैमिली ने अपनी रॉयल वेडिंग के लिए दिया था। सुआरेज ने इस शानदार केक को तैयार करने के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि केक बनाने से पहले डेढ़ महीने तक उन्होंने केक का सिर्फ कान्सेप्ट तैयार किया।
इसके बाद जब उस कान्सेप्ट को अमल करने की बारी आई तो इसे बनाने में उन्हें 4 महीने का समय लगा। सुआरेज ने इस केक को बनाकर अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया है क्योंकि यह उनका बनाया हुआ अब तक का सबसे बड़ा केक था।
शेफ ने दूसरों की भी ली मदद
वैसे तो सुआरेज अकेले ही पेस्ट्री शॉप संभालते हैं लेकिन इतने बड़े केक के प्रोजेक्ट को डील करने के लिए उन्हें मदद भी लेनी पड़ी। उन्होंने अपने सहकर्मी, दोस्त, परिवार और जान-पहचान वालों से इसके लिए सहायता ली थी।
केक में 33,000 से भी ज्यादा फूलों की पंखुड़ियां लगीं
रिपोर्ट्स की माने तो इस केक को सजाने के लिए 33,000 से भी ज्यादा फूलों की पंखुड़ियां लगीं। वहीं, सबसे दिलचस्प बात यह है कि केक की हर एक सजावट हाथ से बनी थी।
केक कम और बिल्डिंग का आर्किटेक्चर ज्यादा
रॉयल कपल ने केक के ऐसे स्ट्रक्चर की डिमांड की थी जो केक कम और बिल्डिंग या वास्तुकला के नमूने जैसा ज्यादा लगे। उनकी इच्छा थी कि केक को किसी रॉयल वेडिंग सेरेमनी या किसी फेमस वेन्यू की तरह बनाया जाए। इसमें भी जान लेने वाली बात यह है कि 500 किलो के बिल्डिंग स्ट्रक्चर वाले इस केक में केवल 0.1 प्रतिशत हिस्सा ही असली केक था।
केक का ज्यादातर हिस्सा हैंडमेड शुगर पेस्ट और व्हाइट चॉकलेट से बनाया गया था। इस तरह यह भारी-भरकम केक पेस्ट्री बनाने की स्किल्स और आर्किटेक्चरल डिजाइन के बारे में बात करता है।

