प्रेशर कुकर से निकल रहा है पानी और नहीं बज रही सीटी? 5 आसान ट्रिक्स से घर पर ही करें ठीक
प्रेशर कुकर से पानी निकलने और सीटी न बजने की समस्या को घर पर ही ठीक करने के लिए आप कुछ आसान तरीके आजमाकर देख सकते हैं। ...और पढ़ें

खराब प्रेशर कुकर को घर पर कैसे करें ठीक? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रसोई में काम करते समय सबसे ज्यादा झुंझलाहट तब होती है, जब गैस पर कुकर चढ़ा हो लेकिन काफी देर तक सीटी ही न बजे। ऊपर से अगर ढक्कन के किनारों से पानी और भाप रिसने लगे, तो गैस तो गंदी होती ही है, साथ ही खाना खराब होने का डर भी सताने लगता है।
अक्सर हम इस समस्या को देखकर परेशान हो जाते हैं और सीधे कुकर ठीक करने वाले मैकेनिक के पास भागते हैं, लेकिन मैकेनिक को पैसे देने से पहले इन 5 आसान घरेलू ट्रिक्स को आजमाकर देखें, आपका कुकर एकदम नया जैसा काम करने लगेगा।

(Image Source: AI-Generated)
कुकर की रबर को फ्रिज में रखें
कुकर के ढक्कन से पानी रिसने का सबसे बड़ा कारण ढीली रबर होती है। लगातार इस्तेमाल से रबर ढीली पड़ जाती है और भाप बाहर निकलने लगती है, जिससे सीटी नहीं बज पाती। इसलिए, रबर को निकालें और उसे 10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज के ठंडे पानी में या फ्रीजर में रख दें। ठंडक से रबर सिकुड़कर वापस अपने सही आकार में आ जाएगी और ढक्कन पर एकदम फिट बैठेगी। जरूरत पड़े, तो आप रबर को बदलने की भी सोच सकते हैं।
सीटी के पाइप की अच्छे से सफाई करें
कई बार दाल या चावल का पानी उबलकर सीटी की नली में फंस जाता है। जब यह नली ब्लॉक हो जाती है, तो अंदर से भाप ऊपर नहीं आ पाती और सीटी नहीं बजती। ऐसे में, ढक्कन से सीटी हटाएं और उस नली के छेद में एक पतली सुई, पिन या टूथपिक डालकर फंसा हुआ कचरा निकाल दें। इसके बाद उसे तेज पानी की धार के नीचे धो लें।
खबरें और भी
पानी की मात्रा और तेल का इस्तेमाल
अगर आप कुकर में क्षमता से ज्यादा पानी भर देंगे, तो उबलने पर पानी बाहर ही गिरेगा और दबाव सही से नहीं बन पाएगा। ध्यान रहे, कुकर में कभी भी आधे या दो-तिहाई हिस्से से ज्यादा पानी न भरें। साथ ही, जब भी दाल या राजमा जैसी झाग छोड़ने वाली चीजें उबालें, तो उसमें 2-3 बूंद सरसों का तेल या थोड़ा-सा घी डाल दें। इससे पानी बाहर नहीं आएगा।
सेफ्टी वॉल्व को चेक करें
ढक्कन पर सीटी के नीचे एक छोटा सा सेफ्टी वॉल्व लगा होता है। अगर कुकर को बिना पानी के गैस पर रख दिया जाए, तो यह वॉल्व पिघल जाता है या ढीला हो जाता है। ऐसी स्थिति में सारी भाप वहीं से निकलती रहती है। ऐसे में, ध्यान से देखें कि कहीं सेफ्टी वॉल्व से तो भाप लीक नहीं हो रही है। अगर वॉल्व पिघल गया है या कट गया है, तो इसे घर पर ठीक नहीं किया जा सकता। आपको बाजार से 20-30 रुपये का नया वॉल्व लाकर इसे बदलना ही होगा।
कुकर के हैंडल के पेंच कसें
क्या आपके कुकर का हैंडल ढीला है? अगर हां, तो यही असली समस्या हो सकती है। जब हैंडल ढीला होता है, तो ढक्कन और बर्तन आपस में पूरी तरह से लॉक नहीं हो पाते। इससे किनारों से हवा लीक होती रहती है। इसलिए, एक स्क्रूड्राइवर लें और कुकर के दोनों ढक्कन और बर्तन वाले हैंडल के पेंचों को अच्छी तरह से कस दें। ढक्कन एकदम टाइट बंद होगा और पहली ही बार में शानदार सीटी बजेगी।