घर के हर कोने से दूर होगी सीलन की बदबू, मानसून में बड़े काम आएंगे 5 टिप्स
मानसून में घर में आने वाली सीलन की बदबू से छुटकारा पाने के लिए आप यहां बताए 5 आसान घरेलू उपाय आजमा सकते हैं।

मानसून में घर से आ रही है सीलन की महक? (Image Source: AI-Generated)
HighLights
मानसून में ताजी हवा से घर की सीलन दूर करें
बेकिंग सोडा और कॉफी पाउडर बदबू सोखने में सहायक
कपूर, लौंग और समुद्री नमक से घर को महकाएं
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून की रिमझिम बारिश देखना और गरमा-गरम पकौड़े खाना किसे पसंद नहीं है, लेकिन इस खूबसूरत मौसम के साथ एक बड़ी परेशानी भी बिना बुलाए मेहमान की तरह आ जाती है। जी हां, घर में सीलन की बदबू।
बारिश के दिनों में घर के कोनों, बंद अलमारियों और कपड़ों से आने वाली यह महक घर का पूरा माहौल खराब कर देती है। ऐसा लगता है जैसे घर में ताजी हवा की कमी हो गई है, लेकिन आपको फिक्र करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। आज हम आपको कुछ ऐसे दमदार घरेलू नुस्खे बताने जा रहे हैं, जो आपकी इस परेशानी को छूमंतर कर देंगे। आइए जानते हैं वो 5 टिप्स जो मानसून में आपके घर को तरोताजा रखेंगे।

(Image Source: AI-Generated)
ताजी हवा को घर में आने दें
बारिश के मौसम में हम अक्सर खिड़की-दरवाजे कसकर बंद रखते हैं, जिससे सीलन की बदबू घर में ही कैद हो जाती है। जैसे ही बारिश रुके और मौसम थोड़ा साफ हो, घर के आमने-सामने के खिड़की-दरवाजे कुछ देर के लिए जरूर खोल दें। हवा का आर-पार जाना बदबू को बाहर निकालने का सबसे आसान और प्राकृतिक तरीका है।
बेकिंग सोडा करेगा कमाल
आपके किचन में रखा बेकिंग सोडा सिर्फ खाना बनाने के काम नहीं आता, बल्कि यह बदबू को सोखने में भी मास्टर है। इसे इस्तेमाल करने के लिए छोटी-छोटी कटोरियों में 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा डालें। इन कटोरियों को घर के उन कोनों में रख दें जहां से ज्यादा बदबू आती है, जैसे- बाथरूम का कोना, जूतों का रैक या अलमारी के नीचे। यह सीलन की बदबू को पूरी तरह खींच लेगा।
कपूर और लौंग की पोटली
कपूर की खुशबू बहुत तेज और ताजगी भरी होती है। थोड़े से कपूर के टुकड़ों के साथ 4-5 लौंग लें और उन्हें एक सूती कपड़े में बांधकर छोटी-छोटी पोटलियां बना लें। इन पोटलियों को अपने कपड़ों के बीच, दराजों में या सोफे के पीछे रख दें। यह सीलन की महक को तो दूर करेगा ही, साथ ही कीड़े-मकौड़ों को भी कपड़ों से दूर रखेगा।

(Image Source: AI-Generated)
कॉफी पाउडर से लाएं कैफे वाली खुशबू
अगर आपको कॉफी की खुशबू पसंद है, तो यह टिप आपको बहुत अच्छी लगेगी। कॉफी पाउडर नमी और गंदी बदबू को बड़ी आसानी से सोख लेता है। एक छोटे और सुंदर बाउल में 2 चम्मच कॉफी पाउडर रखें और उसे लिविंग रूम की टेबल या बेडरूम में रख दें। इससे आपके पूरे कमरे में एक बहुत ही हल्की और अच्छी खुशबू फैल जाएगी।
सी सॉल्ट से सोखें नमी
घर में सीलन का सबसे बड़ा कारण हवा में मौजूद एक्स्ट्रा नमी होती है। समुद्री या सेंधा नमक इस नमी को सोखने का बेहतरीन काम करता है। एक कटोरी में सी सॉल्ट भरकर कमरों के कोनों में रख दें। आप चाहें तो इसमें अपनी पसंद के एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें भी मिला सकते हैं। इससे नमी भी कम होगी और घर महक भी उठेगा।
सबसे जरूरी बात, मानसून में जब भी थोड़ी-सी धूप निकले, तो उसका पूरा फायदा उठाएं। अपने गद्दों, तकियों, डोरमैट और भारी पर्दों को कुछ देर के लिए धूप जरूर दिखाएं।
यह भी पढ़ें- बाथरूम के कोनों में बार-बार बन रहे हैं मकड़ी के जाले? रोकने के लिए आजमाएं 5 आसान ट्रिक्स
यह भी पढ़ें- महंगे पेंट की अब नो टेंशन! वॉलपेपर से कम बजट में दें अपने घर को आलीशान लुक
