कहीं आपने गलत इंसान तो नहीं चुन लिया? इन खास संकेतों से पहचानें कि आपका पार्टनर आपके लिए सही है या नहीं
आपका पार्टनर आपके लिए सही है या नहीं, इस बात का पता आप कुछ संकेतों की मदद से लगा सकते हैं। ...और पढ़ें

कैसे चुनें अपने लिए सही पार्टनर? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। किसी भी रिलेशनशिप की शुरुआत में हमें सबकुछ बहुत ही खूबसूरत और प्यारा लगता है। पार्टनर की हर बात अच्छी लगती है और आपको लगता है कि यही आपका जीवनसाथी है, लेकिन कई बार वक्त के साथ मन में सवाल आने लगता है कि क्या ये मेरे लिए सही पार्टनर है? कहीं मैंने गलत साथी तो नहीं चुन लिया?
अगर आपके मन में भी अपने पार्टनर को लेकर ऐसे सवाल आ रहे हैं या आप शादी करने का फैसला ले रहे हैं, तो आपको कुछ बातों पर जरूर ध्यान देना चाहिए। इस बारे में सीनियर साइकोलॉजिस्ट डॉ. मोनिका शर्मा बताती हैं कि कोई भी पार्टनर बिल्कुल परफेक्ट नहीं होता, लेकिन उनमें कुछ बुनियादी गुण तो होने ही चाहिए। आइए जानें इन्हीं खास बातों के बारे में, जिनसे आप पहचान सकते हैं कि पार्टनर सही है या नहीं।
आपकी इज्जत करता है
सही पार्टनर आपकी पसंद, राय और पर्सनल बाउंड्री का सम्मान करता है। साथ ही, वह हर सिचुएशन में आपसे तमीज से बात करता है और झगड़ा या बहस होने पर आपके साथ बुरी तरह पेश नहीं आता। आपका पार्टनर आपकी सफलताओं से जलता नहीं है, बल्कि आपकी तरक्की में आपके लिए खुश होता है।
खुलकर बात कर सकते हैं
अगर आप अपने पार्टनर के सामने किसी भी बारे में खुलकर बात कर सकते हैं, तो आप एक सही रिश्ते में हैं। अपने पार्टनर से बात करते समय आपको किसी भी तरह की झिझक नहीं होती कि वो आपकी बात को समझेंगे नहीं या आपको जज करेंगे। किसी बात पर मतभेद होने पर अगर आपका पार्टनर को बात को दबाने या साइलेंट ट्रीटमेंट देने के बजाय खुलकर बात करता है, तो समझिए कि आपका पार्टनर सही है।
खबरें और भी
भरोसा और भावनात्मक सुरक्षा
एक सही रिश्ते में आपको अपने पार्टनर के साथ इमोशनल सेक्योरिटी का एहसास होता है। आपको हर समय अपने पार्टनर की वफादारी को लेकर स्ट्रेस नहीं झेलना पड़ता या उनके साथ रहते हुए आपको अपनी कमियां छिपाने की जरूरत नहीं होती।
जिंदगी को लेकर एक जैसे विचार
भले ही आप दोनों की आदतें और पसंद अलग हों, लेकिन जिंदगी के बड़े फैसलों को लेकर आप दोनों की सोच एक जैसी है। अगर शादी, बच्चे, करियर, इंवेस्टमेंट आदि के बारे में आप दोनों एक जैसा सोचते हैं, तो एक साथ आगे बढ़ना आसान हो जाता है।
आपकी ग्रोथ को सपोर्ट करते हैं
एक सही पार्टनर कभी भी आपके सपनों के बीच नहीं आएगा। वह आपकी तरक्की और करियर के लिए सबसे बड़ा चीयरलीडर बनता है। आपको रिश्तों और घर में बांधने के बजाय, वह आपको अपने सपने पूरे करने के लिए मोटिवेट करता है।
झगड़े सुलझाने का तरीका
हर रिश्ते में अनबन होती है, लेकिन सही पार्टनर झगड़े के बाद आपको मैनिपुलेट या गैसलाइट करने की कोशिश नहीं करता। वह अपनी गलती मानने, मांफी मांगने और मिलकर समझौता करने को तैयार करता है। वह झगड़े के बारे में खुलकर बातचीत करने में नहीं झिझकता।
अपना बेस्ट वर्जन बनते हैं
जब आप सही पार्टनर के साथ होते हैं, तो आपके अंदर पॉजीटिव बदलाव आते हैं। आप पहले से ज्यादा शांत, खुश और कॉन्फिडेंट महसूस करते हैं। आप अपनी कमियों में सुधार करते हैं और खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं।
इमोशनल और फिजिकल इंटिमेसी
अपने पार्टनर के साथ वक्त बिताना आपको अच्छा लगता है। एक सही पार्टनर की सबसे बड़ी निशानी है कि वे आपके सबसे अच्छे दोस्त हैं, जिनके साथ आपको हंसी-मजाक करना, क्वालिटी टाइम बिताना अच्छा लगता है।
वादे पूरे करना
एक सही पार्टनर अपने दिए वादों को पूरा करता है। वे जो वादे करते हैं, उन्हें निभाते भी हैं और ये सिर्फ रिश्ते की शुरुआत में नहीं, बल्कि सालों बाद भी वैसा ही रहता है।