चिकनी-चुपड़ी बातों में कोई आपको मैनिपुलेट तो नहीं कर रहा? 6 संकेतों के जरिए समझें ऐसे लोगों की सच्चाई
जहर अगर शहद में मिलाकर दिया जाए, तो वह मीठा जरूर लगेगा, लेकिन उसका खतरनाक असर नहीं बदलेगा! जी हां, हमारी जिंदगी में भी कुछ लोग बिल्कुल ऐसे ही होते हैं ...और पढ़ें

जिम्मेदारी से बचने के लिए मैनिपुलेटिव लोग अक्सर बोलते हैं ये 6 बातें (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपको भी कभी ऐसा लगा है कि आपके आस-पास कोई ऐसा है जो बातें तो बहुत मीठी करता है, लेकिन उसकी बातों में कुछ अजीब-सा छिपा होता है?
कई बार कुछ लोग अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों के जाल में हमें इस कदर फंसा लेते हैं कि हमें पता ही नहीं चलता कि हमारा फायदा उठाया जा रहा है। इसे ही मनोविज्ञान की भाषा में 'मैनिपुलेशन' कहते हैं।
बता दें, मीठा बोलने वाला हर इंसान बुरा नहीं होता, लेकिन कुछ लोग इसका इस्तेमाल सिर्फ आपको कंट्रोल करने के लिए करते हैं। अगर आपको किसी पर शक है, तो इस आर्टिकल में बताए 6 संकेतों से आप ऐसे लोगों की सच्चाई आसानी से पहचान सकते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
जरूरत से ज्यादा और झूठी तारीफ करना
अगर कोई इंसान आपसे मिलते ही आपकी हद से ज्यादा तारीफ करने लगे या रातों-रात आपको दुनिया का सबसे खास इंसान बताने लगे, तो थोड़ा सावधान हो जाएं। मैनिपुलेट करने वाले लोग शुरुआत में आपको प्यार और तारीफों से भर देते हैं, ताकि आप उन पर आंख बंद करके भरोसा कर लें। एक बार भरोसा कायम हो गया, तो वे अपने असली रंग दिखाने लगते हैं।
गलती उनकी, लेकिन शर्मिंदगी आपकी
ऐसे लोगों की सबसे बड़ी पहचान यह होती है कि वे कभी अपनी गलती नहीं मानते। अगर आप उनकी कोई गलती पकड़ भी लें, तो वे बातों को इतनी चालाकी से घुमाएंगे कि अंत में आप ही खुद को दोषी महसूस करने लगेंगे। उनका मकसद सिर्फ आपको यह एहसास दिलाना होता है कि आप ही गलत हैं।
खुद की याददाश्त पर शक करने पर मजबूर करना
"मैंने तो ऐसा कभी नहीं कहा," या "तुम पागल हो रहे हो, ऐसा कुछ हुआ ही नहीं था।" क्या आपको ये डायलॉग सुने-सुने लगते हैं? मैनिपुलेटर्स अक्सर आपके सामने झूठ को इतने विश्वास के साथ बोलते हैं कि आप खुद की याददाश्त और सच्चाई पर ही शक करने लगते हैं। यह दिमागी तौर पर कंट्रोल करने का एक बहुत खतरनाक तरीका है।
खबरें और भी
हमेशा खुद को 'बेचारा' साबित करना
हालात चाहे जो भी हों और गलती किसी की भी हो, ये लोग कहानी को इस तरह पेश करेंगे जैसे दुनिया में सबसे ज्यादा दुख उन्हीं को है। वे आपकी सहानुभूति बटोरना चाहते हैं ताकि आप उन पर तरस खाएं और उनकी हर बात मान लें।
आपको आपके अपनों से दूर करना
जो इंसान आपको अपने इशारों पर नचाना चाहता है, वह सबसे पहले आपको आपके सच्चे दोस्तों और परिवार से दूर करने की कोशिश करेगा। वो आपके दिमाग में यह बात डालेंगे कि "तुम्हारे घरवाले तुम्हें नहीं समझते" या "सिर्फ मैं ही तुम्हारा अपना हूं।" वे ऐसा इसलिए करते हैं ताकि आप पूरी तरह से अकेले पड़ जाएं और सिर्फ उन पर निर्भर रहें।
सिर्फ काम पड़ने पर मीठा बरताव
क्या उनका व्यवहार आपके लिए अचानक से बदल जाता है? जब उन्हें आपसे कोई मदद चाहिए होती है या कोई काम निकलवाना होता है, तो वे दुनिया के सबसे अच्छे इंसान बन जाते हैं, लेकिन जैसे ही उनका काम पूरा होता है, वे फिर से आपको नजरअंदाज करने लगते हैं।
चिकनी-चुपड़ी बातें करने वालों को पहचानना थोड़ा मुश्किल होता है क्योंकि वे बहुत अच्छे एक्टर होते हैं, लेकिन हमेशा अपने मन की आवाज सुनें। अगर कोई रिश्ता आपको खुशी देने के बजाय हमेशा दिमागी उलझन और तनाव दे रहा है, तो समझ जाइए कि अब सीमाएं तय करने का वक्त आ गया है।