विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'यहीं बैठूंगा, जो करना है कर लो...' ट्रेन में दिखाए कोई ऐसी दादागिरी, तो 4 तरीकों से ले सकते हैं रेलवे की मदद

Published: Fri, 18 Sep 2026 11:00 AM (IST)Updated: Sun, 20 Sep 2026 03:17 PM (IST)

ट्रेन में अपनी कन्फर्म सीट पर किसी के कब्जा करने पर झगड़ने की बजाय, आप 4 तरीकों से रेलवे की मदद ले सकते हैं।

ट्रेन में बिना लड़े अपनी सीट खाली करवाने के 4 तरीके (Image Source: AI-Generated)

ट्रेन में बिना लड़े अपनी सीट खाली करवाने के 4 तरीके (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। ट्रेन का सफर हो और अपनी ही कंफर्म सीट के लिए किसी यात्री से उलझना पड़े, तो पूरी ट्रिप का मजा किरकिरा हो जाता है। जी हां, अगर आपकी सीट पर कब्जा जमाए बैठा इंसान हटने के बजाय बहस पर उतर आए, तो आपको गुस्सा करने या लड़ाई-झगड़ा करने की रत्ती भर जरूरत नहीं है।

इंडियन रेलवे के पास ऐसी स्थिति से निपटने के लिए कुछ बेहद आसान रास्ते हैं। जानिए वो कौन-से स्मार्ट तरीके हैं, जिससे आप बिना अपना मूड खराब किए चुटकियों में अपनी सीट वापस पा सकते हैं।

सबसे पहले TTE को बताएं

अगर कोई आपकी सीट खाली करने से मना कर रहा है, तो आपका सबसे पहला कदम ट्रेन के टीटीई से संपर्क करना होना चाहिए। सफर के दौरान यात्रियों की हर परेशानी को सुलझाना टीटीई की जिम्मेदारी होती है। वे खुद आकर उस व्यक्ति को आपकी जगह से हटाएंगे।

डायल करें रेलवे हेल्पलाइन

अगर किसी वजह से आपको अपने कोच के आस-पास टीटीई नहीं मिल रहे हैं या वह आपकी समस्या नहीं सुलझा पा रहे हैं, तो परेशान न हों। बस अपना फोन उठाइए और रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर दीजिए। यह नंबर यात्रियों के लिए 24 घंटे काम करता है। यहां शिकायत नोट कराते ही तुरंत आपकी मदद की जाएगी।

सोशल मीडिया का स्मार्ट यूज करें

आजकल रेलवे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है और यहां शिकायतों पर बहुत तेजी से काम होता है। आप फेसबुक या एक्स पर अपनी समस्या लिखकर @RailMinIndia या @IRCTCofficial को टैग कर सकते हैं। शिकायत मिलते ही रेलवे की डिजिटल टीम तुरंत रिप्लाई करेगी और आपको आपकी सीट पर ही सहायता मिल जाएगी।

बात बिगड़े, तो RPF को बुलाने में न करें देरी

अगर सामने वाला व्यक्ति बदतमीजी पर उतर आए और माहौल गरमाने लगे, तो तुरंत RPF से मदद मांगें। आपको बता दें कि लंबी दूरी तय करने वाली हर ट्रेन में आरपीएफ के जवान मुस्तैद रहते हैं। वे मौके पर आकर बिगड़ती स्थिति को संभाल लेंगे और सुरक्षा के साथ आपकी सीट आपको वापस दिलाएंगे।

याद रखें, सफर के दौरान तनाव लेना ठीक नहीं है। इसलिए, जब कभी कोई आपकी आरक्षित सीट पर हक जताए, तो एक समझदार यात्री की तरह बिना उलझे रेलवे की इन सुविधाओं का फायदा उठाएं।

यह भी पढ़ें- ट्रेन में रात के समय लाइट जलाने की परमिशन होती है या नहीं? हर यात्री को रट लेना चाहिए रेलवे का यह नियम

यह भी पढ़ें- क्या मिडिल-अपर बर्थ वाले भी रख सकते हैं लोअर सीट के नीचे सामान? सफर से पहले जान लें रेलवे का नियम