ताजमहल, बनारसी सिल्क और दुधवा के जंगल... जानिए यूपी में ऐसा क्या है, जो इसे बनाता है हार्ट लैंड ऑफ इंडिया?
उत्तर प्रदेश को हार्ट लैंड ऑफ इंडिया भी कहा जाता है। इस राज्य की हस्तकला, इतिहास, खान-पान और प्राकृतिक खूबसूरती इस राज्य को खास बनाते हैं। ...और पढ़ें

क्यों इतना खास है उत्तर प्रदेश? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप जानते हैं भारत का हार्ट लैंड किस राज्य को कहा जाता है? दरअसल, ये नाम उत्तर प्रदेश का है और इसे यूं ही ये नाम नहीं दिया गया है। इस राज्य को Sugar Bowl of India भी कहा जाता है, क्योंकि यहां गन्नों की खेती सबसे ज्यादा होती है।
हालांकि, इसकी खासियत सिर्फ यहीं खत्म नहीं होती। अपनी संस्कृति, इतिहास और अध्यात्मिकता के कारण यह राज्य बेहद खास है। आइए जानें इस राज्य में ऐसा क्या-क्या है, जो इसे इतना स्पेशल बनाते हैं।
ऐतिहासिक और धार्मिक जगहें
उत्तर प्रदेश का इतिहास हजारों साल पुराना है। इस राज्य में वाराणसी है, जो दुनिया के सबसे पुराने जीवित शहरों में से एक है। यहां गंगा के घाट, शाम की भव्य आरती और काशी विश्वनाथ मंदिर की शांति आपको और कहीं नहीं मिलेगी। साथ ही, अयोध्या में भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप का भव्य मंदिर है, मथुरा में श्रीकृष्ण की जन्म स्थली, गोकुल और वृंदावन में उनकी बाल-लीलाओं से जुड़े मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं।
उत्तर प्रदेश के आगरा में दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल स्थित है, जिसे मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी बेगम मुमताज के लिए बनवाया था। आगरा का ऐतिहासिक किला और फतेहपुर सीकरी मुगल आर्किटेक्चर का बेहतरीन नमूना हैं। लखनऊ में अवध की तहजीब और वास्तुकला की अनोखी झलक देख सकते हैं।
इसी राज्य में सारनाथ है, जहां गौतम बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था और प्रयागराज पवित्र नदियों के संगम के लिए जाना जाता है, जहां महाकुंभ का आयोजन होता है।
नेशनल पार्क और वन्यजीव
प्रकृति और वन्यजीव प्रेमियों के लिए भी उत्तर प्रदेश में काफी कुछ है। लखीमपुर खीरी में भारत-नेपाल सीमा के पास दुधवा नेशनल पार्क है, जहां बाघ, रीसस मंकी, चीतल, लंगूर, स्लॉथ बीयर, ऑटर, घड़ियाल और दरियाई घोड़े जैसे कई जंगली जानवर देख सकते हैं।
खबरें और भी
यहां पीलीभीत टाइगर रिजर्व भी है, जहां आप बाघों के साथ-साथ और भी कई जानवर देख सकते हैं। यहां का कतरनियाघाट वाइल्ड लाइफ सेंचुरी और नावबंगज वर्ड सेंचुरी भी अलग-अलग प्रजातियों के पक्षियों, घड़ियाल और डॉल्फिन के लिए जाने जाते हैं।
खान-पान भी है लाजवाब
उत्तर प्रदेश की संस्कृति वहां की थाली में भी झलकती है। लखनऊ का नवाबी खाना पूरी दुनिया में मशहूर है, जिसमें लखनवी बिरयानी, गलौटी कबाब, निहारी-कुल्चा और शीरमाल जैसी लाजवाब डिशेज शामिल हैं। इसी तरह आगरा का पेठा, मथुरा के पेड़े, बनारस की रसमलाई और बनारसी पान भी काफी मशहूर हैं।
उत्तर प्रदेश का स्ट्रीट फूड भी काफी लजीज होता है। बेडमी पूरी, कचौड़ी-जलेबी, समोसा और बास्केट चाट यहां की गलियों में बिकने वाला लजीज नाश्ता है।
कला का भी नहीं है कोई जवाब
उत्तर प्रदेश की कला की बात करें, तो सबसे पहले बनारसी सिल्क का नाम आता है। बनारसी सिल्क और जरी के काम वाली साड़ियां दुनियाभर में जानी जाती हैं। मुरादाबाद के पीतल के नक्काशीदार बर्तन और सजावट के लिए बिकने वाला पीतल का सामान भी काफी मशहूर है। साथ ही, बुलंदशहर का खुर्जा अपने रंग-बिरंगे सिरेमिक और मिट्टी के बर्तनों के लिए जाना जाता है।