दुनिया का पहला गणतंत्र और ज्ञान का केंद्र रहा है अपना 'बिहार', इतिहास के साथ कला और स्वाद में भी है नंबर-1
बिहार अपने समृद्ध इतिहास, प्राचीन ज्ञान, अनूठी कला और स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए जाना जाता है।

क्यों इतना खास है बिहार? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व स्थित बिहार का नाम विहार शब्द से निकला है। इसका मतलब होता है बौद्ध मठ। इसी वजह से मठों की भूमि भी कहा जाता है। ये राज्य अपने वैभवशाली इतिहास और ज्ञान का केंद्र होने की वजह से जाना जाता है। बिहार गौतम बुद्ध की ज्ञानस्थली और महावीर जैन की जन्मस्थली है। इससे आप इस राज्य के अध्यात्मिक महत्व को समझ सकते हैं।
अगर आप भी उन लोगों में से हैं, जो सोचते हैं कि बिहार में घूमने या देखने के लिए कुछ नहीं है, तो आपको इस राज्य की खासियतों के बारे में जरूर जानना चाहिए। आइए जानें बिहार में क्या-क्या खास है।
वैशाली का वैभव और नालंदा का ज्ञान
प्राचीन भारत में बिहार सबसे वैभवशाली और शक्तिशाली राज्यों में गिना जाता था। गुप्त और मौर्य साम्राज्य के दौरान बिहार अपनी शक्ति के चरम पर था। वैशाली के वैभव की कहानियां आज भी लोग सुनाते हैं। इतना ही नहीं, वैशाली को दुनिया का पहला गणतंत्र भी माना जाता है। यहां दुनिया का सबसे पुराना नालंदा विश्वविद्यालय भी था, जहां दुनियाभर से छात्र शिक्षा लेने आते थे। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल महाबोधि गया भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली रहा। बिहार के सासाराम में शेर शाह सूरी का मकबरा भी है, जो एक झील के बीच में बना हुआ है।
लोक कला और शिल्प कला
बिहार अपनी हस्त और चित्रकला के लिए भी जाना जाता है। मिथिलांचल की मधुबनी पेंटिंग काफी मशहूर हैं और मार्केट में इनकी मांग भी काफी रहती है। प्राकृतिक रंगों और बांस की तीलियों से बनाई जाने ये पेंटिंग आज भारत के साथ-साथ दुनियाभर में मशहूर हैं। इस पेंटिंग में रामायण और प्रकृति से जुड़े दृश्यों को बनाया जाता है।
इसके अलावा, सिक्की से खूबसूरत टोकरियां, बक्से और डेकोरेशन का सामान बनाया जाता है, जिसे लोग खूब पसंद करते हैं। साथ ही, भागलपुर का टसर सिल्क भी दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुका है।
बिहार का खान-पान
बिहार का खाना सिर्फ लिट्टी-चोखे तक सीमित नहीं है। यहां का खाजा, गाजा, ठेकुआ, बालूशाही, दाल पूरी, मालपुआ और सत्तू का शरबत भी काफी लाजवाब होता है। खाजा को तो जीआई टैग भी मिला हुआ है, जो परतों वाली एक तरह की खास मिठाई होती है। वहीं, ठेकुआ छठ महापर्व के प्रसाद के रूप में मशहूर है।
घूमने की जगहें
पहाड़ियों से घिरा राजगीर अपने गर्म पानी के कुंड, शांति स्तूप और ट्रांसपेरेंट स्काईवॉक के लिए मशहूर है। वहीं बिहार की राजधानी पटना में आप पटना साहिब गुरुद्वारा, बिहार म्यूजियम और गोलघर देख सकते हैं। यहां वाल्मिकी टाइगर रिजर्व भी है, जो बिहार का एकलौता टाइगर रिजर्व है। यह पश्चिम चंपारण जिले में स्थित है।
