जन विश्वास अभियान शुरू, छिंदवाड़ा में CM ने मौके पर CMHO, तहसीलदार व पटवारी को किया निलंबित; हर शुक्रवार जनता के बीच जाएंगे अफसर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा से 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान' का शुभारंभ किया, जिसमें शिकायतों के आधार पर सीएमएचओ, तहसीलदार और पटवारी को न ...और पढ़ें

HighLights
सीएम मोहन यादव ने जन-विश्वास अभियान छिंदवाड़ा से शुरू किया।
शिकायतों पर तीन अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया।
हर शुक्रवार अधिकारी जनता के बीच जाकर समस्या सुलझाएंगे।
डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ किया। शिकायतों के आधार पर लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डा. नरेश गुन्नाड़े, परासिया की तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे और पटवारी सिद्धांत साहू को मौके पर ही निलंबित करने के निर्देश दे दिए। चौरई जनपद पंचायत के सीईओ और श्रम अधिकारी की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने के आदेश के साथ तीन अन्य अधिकारियों को नोटिस दिए गए।
शिकायतों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
डॉ. मोहन यादव ने अपने कड़े रुख के बारे में मीडिया से कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं, इसलिए कार्रवाई की है। जनता की शिकायतों की अनदेखी करने वालों को सरकार बख्शेगी नहीं। एफडीडीआई ऑडिटोरियम में आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यालयों में बैठकें बहुत अधिक होती हैं। इस स्थिति में बदलाव के लिए यह तय किया है कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत अब हर शुक्रवार नियमित बैठक नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- पहले विदिशा, अब मैहर... उफनता नाला पार कर स्कूल आने-जाने पर मजबूर हैं बच्चे; वायरल वीडियो ने खोली व्यवस्था की पोल
मैदान में उतरेंगे जनप्रतिनिधि-अफसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिन जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र में जाकर मैदानी स्थिति यानी गांवों-कस्बों का जायजा लेंगे और लोगों से मिलेंगे। समस्याओं का मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सात जनवरी, 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को इसी तरह काम होगा।

जो काम वर्षों नहीं हो पाया, वह कुछ दिनों में किया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नति का मामला कई वर्षों से लंबित था। इसे प्राथमिकता देकर बाधाएं दूर की गईं। जो काम वर्षों तक नहीं हो पाया, वह कुछ ही दिनों में पूरा हो गया। पुलिस विभाग में दो साल में 18 हजार पदों पर भर्ती होगी। करीब सात हजार प्रोफेसरों और स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार से अधिक पद भरे गए हैं। आने वाले समय में ढाई लाख नई भर्तियां करने का लक्ष्य है।
खबरें और भी

सीएम हेल्पलाइन में हुईं शिकायतों पर की कार्रवाई
- -सीमा तुमराम ने प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने पर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। इस मामले में प्रभारी सीएमएचओ डा. नरेश गुन्नाड़े पर कार्रवाई हुई।
- -परासिया निवासी विनोद बंजारा की सीएम हेल्पलाइन शिकायत का लंबे समय तक निराकरण नहीं होने पर तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे को निलंबित किया है।
- -चौरई निवासी गोविंद नायक की सीएम हेल्पलाइन शिकायत का समय पर निराकरण नहीं करने पर पटवारी सिद्धांत साहू को निलंबित किया है। एसडीएम चौरई, तहसीलदार व पटवारी को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
- -चौरई की मानवती वर्मा को मुख्यमंत्री संबल योजना अंतर्गत सहायता राशि नहीं मिली। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। मुख्यमंत्री ने जनपद पंचायत सीईओ और श्रम अधिकारी की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
शुरुआत के लिए इसलिए चुना छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा कभी पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ का गढ़ माना जाता था। छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में छह कांग्रेस तो भाजपा का केवल एक विधायक है। वर्ष 2024 में भाजपा के विवेक बंटी साहू यहां से सांसद चुने गए। उन्होंने कमल नाथ परिवार के जीत का क्रम तोड़ दिया। कभी कांग्रेस के गढ़ रहे छिंदवाड़ा में आमजन से ज्यादा से ज्यादा जुड़ाव हो, इसलिए मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा से इस अभियान की शुरुआत की।