Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    MP में बकरीद पर दिखी गंगा-जमुनी तहजीब: कई शहरों में उठी गाय को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग

    Updated: Thu, 28 May 2026 06:34 PM (IST)

    मध्यप्रदेश में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया, जहाँ कई शहरों में मुस्लिम समाज ने गाय को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मा ...और पढ़ें

    इंदौर की सदर बाजार मुख्य ईदगाह में ईद की नमाज।

    इंदौर की सदर बाजार मुख्य ईदगाह में ईद की नमाज।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, भोपाल। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को प्रदेशभर में अकीदत, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, खंडवा और धार समेत कई शहरों में मुस्लिम समाज ने ईदगाहों और मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। त्योहार के दौरान कई स्थानों पर गाय को राष्ट्रीय धरोहर या राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग भी प्रमुखता से उठी।

    इंदौर में शहर काजी ने दिया सौहार्द का संदेश

    देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में सदर बाजार स्थित ईदगाह पर बड़ी संख्या में नमाजी जुटे। नमाज से पहले शहर काजी डॉ. इशरत अली ने समाज को गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गाय को पड़ोसी कौम भी सम्मान की नजर से देखती है और उसे राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया जाना चाहिए, ताकि उसके वध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा सके।

    उनकी इस अपील का हजारों नमाजियों ने हाथ उठाकर समर्थन किया। इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का संदेश देते हुए लोगों से वर्षा जल को जमीन में उतारने की अपील भी की।

    उज्जैन में शांति और भाईचारे की दुआ

    उज्जैन के इंदिरानगर स्थित ईदगाह में शहर काजी खालिकुर्रहमान ने मुख्य नमाज अदा कराई। नमाज के बाद देश में शांति, सौहार्द और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे और ईदगाह के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।

    खंडवा में पौधे बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

    खंडवा में मुख्य ईदगाह सहित करीब 40 मस्जिदों में नमाज अदा की गई। शहर काजी सैयद निसार अली ने कहा कि हिंदू समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए क्षेत्र में वर्षों से गोवंश की कुर्बानी नहीं दी जा रही है। उन्होंने गोवंश के नाम पर हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।

    खबरें और भी

    इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नमाजियों को पौधे वितरित किए गए और हरियाली बढ़ाने का संकल्प दिलाया गया।

    lat masjid eid 21547

    धार में गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद

    धार की ऐतिहासिक लाट मस्जिद में भी बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग नमाज के लिए पहुंचे। शहर काजी वकार सादिक ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और सौहार्द का संदेश दिया।

    त्योहार के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन और पुलिस की विशेष निगरानी रही। अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे पूरे प्रदेश में बकरीद शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

    यह भी पढ़ें- इंदौर: मुस्लिम महिला ने मतांतरण कर रचाई शादी, 24 घंटे सुरक्षा देने से हाई कोर्ट का इंकार, कहा- आशंकाओं पर नहीं दे सकते आदेश