Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राज्यसभा चुनाव से लेकर पेपर लीक और चढ़ावा चोरी तक... मीनाक्षी नटराजन ने सरकार को कई मोर्चों पर घेरा

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 03:03 PM (IST)

    मध्य प्रदेश कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव को 'कंप्रोमाइज्ड' बताते हुए हाई कोर्ट में चुनौती देने का ऐलान किया है। मीनाक्षी नटराजन ने पेपर लीक, राम मंदिर च ...और पढ़ें

    प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करतीं मीनाक्षी नटराजन व अन्य।

    प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करतीं मीनाक्षी नटराजन व अन्य।

    HighLights

    1. कांग्रेस राज्यसभा चुनाव को हाई कोर्ट में चुनौती देने को तैयार।

    2. मीनाक्षी नटराजन ने पेपर लीक, किसानों के मुद्दे पर भी घेरा।

    3. राम मंदिर चढ़ावा चोरी, उज्जैन जमीन विवाद पर भी सवाल।

    राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक और कानूनी कदम उठाने का एलान किया है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव 'कंप्रोमाइज्ड' थे और पार्टी इस पूरे मामले को हाई कोर्ट में चुनौती देगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की लीगल टीम इलेक्शन पिटीशन तैयार कर रही है, जिसे परिणाम घोषित होने के 45 दिनों के भीतर हाई कोर्ट में दायर किया जाएगा।

    भाजपा ने रचा षड्यंत्र

    उन्होंने कहा, “ना तो नामांकन पत्र में कोई गलती थी और ना ही हमारे किसी साथी से कोई चूक हुई। जब फार्म-26 में नोटिस के उल्लेख का कोई कॉलम ही नहीं है, तो उसके आधार पर नामांकन निरस्त करना यह साबित करता है कि यह एक षड्यंत्र था।”

    कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को हर स्तर पर लड़ेगी, क्योंकि यह मामला केवल एक सीट का नहीं, बल्कि पूरी चुनाव व्यवस्था की निष्पक्षता से जुड़ा हुआ है। उनके अनुसार, यदि भविष्य में नगरीय निकाय और विधानसभा चुनावों में भी इसी प्रकार नामांकन निरस्त किए जाने लगे, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो जाएंगे।

    पेपर लीक को लेकर साधा निशाना

    पत्रकार वार्ता के दौरान मीनाक्षी नटराजन ने केंद्र और प्रदेश सरकार को कई अन्य मुद्दों पर भी घेरा। उन्होंने कहा कि जिस तरह राष्ट्रीय स्तर पर नीट परीक्षा का पेपर लीक हुआ, उसी तरह भोपाल स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) से भी प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे छात्रों और अभिभावकों के वर्षों की मेहनत पर पानी फिर रहा है, लेकिन जिम्मेदारी तय नहीं हो रही।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने छात्रों के मुद्दों को लेकर 'छात्रों की गूंज' अभियान शुरू किया है। इसके तहत 14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक साइकिल यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 9 अगस्त को दिल्ली में बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।

    चढ़ावा चोरी, उज्जैन जमीन विवाद का भी जिक्र

    मीनाक्षी ने कहा कि जिस तरह से हम सब के आराध्य और आस्था के केंद्र भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी हुई, वह पूरे देश ने देखा‌। यह बहुत गंभीर मामला है। महाकाल की नगरी उज्जैन में भी जमीन की लूट की बात सामने आई है। दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।

    किसानों की समस्याओं पर भी उठाए सवाल

    मीनाक्षी नटराजन ने किसानों के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन वास्तविक स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रीष्मकालीन मूंग का उत्पादन अच्छा होने के बावजूद प्रदेश में केवल लगभग 25 प्रतिशत उपज की ही सरकारी खरीद की जा रही है, जिससे किसान परेशान हैं।

    यह भी पढ़ें- मारपीट व फायरिंग के मामले में सागर जिला पंचायत सदस्य गिरफ्तार, मंत्री प्रह्लाद पटेल बोले- यह अपमानित करने का प्रयास

    उन्होंने कहा कि किसान खाद और बीज की कमी से भी जूझ रहे हैं। साथ ही अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौते का असर भी किसानों पर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से इस विषय पर स्पष्ट स्थिति सामने रखने की मांग की।