मारपीट व फायरिंग के मामले में सागर जिला पंचायत सदस्य गिरफ्तार, मंत्री प्रह्लाद पटेल बोले- यह अपमानित करने का प्रयास
सागर में दो साल पुराने फायरिंग, तोड़फोड़ और पुलिसकर्मी से मारपीट के मामले में भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी गिरफ्तार हुए। मंत्री प्रह्ला ...और पढ़ें

मंत्री प्रह्लाद पटेल के साथ सर्बजीत लोधी (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
भाजपा नेता सर्वजीत लोधी दो साल पुराने मामले में गिरफ्तार।
ढाबे पर फायरिंग, तोड़फोड़, पुलिसकर्मी से मारपीट का आरोप।
मंत्री प्रह्लाद पटेल ने गिरफ्तारी को अपमानजनक बताया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। सागर जिले में बांदरी थाना पुलिस ने ढाबे पर फायरिंग, तोड़फोड़ और पुलिस अधिकारी से मारपीट के मामले में भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी को गिरफ्तार किया है। मामला दो साल पुराना है। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने इस गिरफ्तारी का सार्वजनिक विरोध करते हुए इसे अपमानित करने का प्रयास बताया है।
यह है मामला
पुलिस के अनुसार, सर्वजीत लोधी और उनके साथियों पर 23 जुलाई 2024 को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित सौरभ ढाबा पर हंगामा करने, हवाई फायरिंग करने और तोड़फोड़ के आरोप हैं। उस दौरान वहां मौजूद एएसआई देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव के साथ मारपीट किए जाने तथा उन पर गोली चलाने का भी आरोप है। ढाबा संचालक सौरभ साहू की शिकायत पर बांदरी थाने में मामला दर्ज हुआ था। उसके बाद से ही आरोपित गिरफ्तारी से बच रहे थे और उन पर तीन हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
जेल भेजने पर गरमाई सियासत
रविवार को आरोपित सर्वजीत लोधी को गिरफ्तार कर मालथौन न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने के आदेश दिए गए। गिरफ्तारी के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया। पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दो वर्ष तक मामले को लंबित रखने के बाद की गई गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण है और यह अपमानित करने का प्रयास प्रतीत होता है।
यह भी पढ़ें- वर्दी में REEL बनाना पड़ा भारी... 1.88 करोड़ फालोअर्स वाले MP के पुलिसकर्मी पर गिरी निलंबन की गाज, दिया इस्तीफा
मंत्रियों के करीबियों पर यह दूसरी कार्रवाई
गौरतलब है कि भाजपा नेता और मंत्रियों के करीबियों पर दो दिन में यह दूसरी पुलिसिया कार्रवाई है। इसके पूर्व गोपालगंज थाना में बीएमसी में हुए विवाद के बाद मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के करीब अनिल श्रीवास्तव पीपरा पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था। शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।