Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    27 साल तक पहचान बदलकर MP के मुंगावली में छिपा रहा हत्या का फरार आरोपित, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने दबोचा

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 11:19 PM (IST)

    दिल्ली क्राइम ब्रांच ने मध्य प्रदेश के मुंगावली से हत्या सहित कई संगीन मामलों के फरार आरोपित को 27 साल बाद गिरफ्तार किया। वह हरियाणा और दिल्ली में वां ...और पढ़ें

    आरोपित गिरफ्तार (प्रतीकात्मक चित्र)

    आरोपित गिरफ्तार (प्रतीकात्मक चित्र)

    HighLights

    1. हत्या का फरार आरोपित 27 साल बाद गिरफ्तार।

    2. दिल्ली क्राइम ब्रांच ने मुंगावली से दबोचा।

    3. फर्जी पहचान से रह रहा था राजिंदर बरागी।

    डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के अशोकनगर जिले के मुंगावली कस्बे में पिछले 27 वर्षों से फर्जी पहचान के साथ रह रहे हत्या सहित कई संगीन मामलों के फरार आरोपित को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और शस्त्र अधिनियम के मामलों में वांछित था, जबकि उसके खिलाफ दिल्ली में भी चोरी और आर्म्स एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं।

    पहचान बदलकर काट रहा था फरारी

    दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने एसआई दीपक दहिया के नेतृत्व में मंगलवार को मुंगावली के चंदेरी बाईपास स्थित तालाब रोड क्षेत्र में कार्रवाई कर आरोपित को गिरफ्तार किया। वह लंबे समय से राजेंद्र यादव नाम से रह रहा था।

    पूछताछ और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उसकी वास्तविक पहचान राजिंदर सिंह बरागी (53), पिता सूरजमल, निवासी गांधी नगर, गन्नौर, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई।

    दिल्ली कोर्ट ने घोषित किया था भगोड़ा

    पुलिस के अनुसार, दिल्ली के रोहिणी न्यायालय ने एक आपराधिक मामले में राजिंदर सिंह बरागी को पहले ही भगोड़ा घोषित कर रखा था। इसके अलावा वह हरियाणा के गन्नौर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और अन्य गंभीर मामलों में भी लंबे समय से फरार चल रहा था।

    1999 में पुलिस हिरासत से हुआ था फरार

    जांच में सामने आया कि वर्ष 1999 में आरोपित उत्तर प्रदेश पुलिस की हिरासत से उस समय फरार हो गया था, जब उसे सोनीपत में अदालत में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। इसके बाद उसने अपनी पहचान बदल ली और मुंगावली में वर्षों तक सामान्य नागरिक की तरह रहकर कानून से बचता रहा।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- साइबर ठगों का नया ‘कैश आउट गैंग’ बेनकाब: हर शहर में तैनात पेड एजेंट, ठगी होते ही मिनटों में खाली कर देते हैं खाता

    सूचना पर दिल्ली क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

    दिल्ली क्राइम ब्रांच को आरोपित की मौजूदगी की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम आरोपित को लेकर वापस रवाना हो गई।