MP में 21.05 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में भाजपा नेता गिरफ्तार, 50 लाख के ट्रांजेक्शन से खुला राज; क्रिप्टो निवेश के नाम पर CA से की थी धोखाधड़ी
मध्य प्रदेश में 21.05 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में भाजपा के जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार मालवीय को गिरफ्तार किया गया है। चार्टर्ड अकाउंटेंट ...और पढ़ें

शाजापुर कोतवाली में आरोपित नेता (इनसेट में) के साथ बैठी साइबर ग्वालियर की टीम।
HighLights
भाजपा नेता जगदीश मालवीय 21 करोड़ ठगी में गिरफ्तार।
क्रिप्टो निवेश के झांसे में CA से हुई धोखाधड़ी।
ठगी की रकम 76 बैंक खातों में 106 बार ट्रांसफर।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय को क्रिप्टो में निवेश का झांसा देकर की गई 21.05 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले की जांच में पुलिस को पहली सफलता मिली है। राज्य साइबर पुलिस की टीम ने मप्र के शाजापुर निवासी भाजपा के जिला पंचायत सदस्य व भारतीय सेना से सेवानिवृत्त जगदीश कुमार मालवीय को गिरफ्तार किया है।
उसके बैंक खाते में ठगी गई रकम में से 50 लाख रुपये जमा कराए गए थे। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने म्यूल खातों से जुड़े अंतरराज्यीय गैंग के बारे में अहम जानकारी दी है।
ठगी की रकम से कर रहा था ऐश
पकड़ा गया आरोपित ठगी गई रकम से ऐश कर रहा था। पता लगा है कि वह जुलाई माह में ही बैंकॉक, थाईलैंड घूमकर आया है। उसके साथ उसके और भी साथी थे। आरोपित के बैंक खाते में राज्य साइबर पुलिस की टीम को 2.50 करोड़ रुपये से ज्यादा का संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिला है। आशंका है कि उसने अपना खाता दूसरी ठगी की वारदातों में ठगी गई रकम की हेराफेरी के लिए ठगों को उपलब्ध कराया।
महिला के कॉल से शुरू हुआ था ठगी का खेल
बता दें कि 70 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय के पास एक दिसंबर को दिव्या सिंह नाम की महिला का फोन कॉल आया था। उसने दोस्ती की। फिर उसने क्रिप्टो में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इसके बाद इन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में एक दिसंबर 2025 से सात जुलाई 2026 के बीच 21 करोड़ पांच लाख 92 हजार रुपये जमा कर दिए।
खबरें और भी
जब रुपया निकालने का प्रयास किया तो और रुपये मांगे गए। फिर ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद राज्य साइबर पुलिस के ग्वालियर स्थित नोडल थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस की पड़ताल में एक बैंक खाता शाजापुर का निकला। इसमें 50 लाख रुपये गए थे। राज्य साइबर पुलिस की टीम शाजापुर पहुंची और सुंदरसी निवासी जगदीश कुमार मालवीय को गिरफ्तार किया।
76 बैंक खातों में 106 बार ट्रांसफर हुई रकम
राज्य साइबर पुलिस के निरीक्षक मुकेश नारोलिया के अनुसार ठगी के शिकार फरियादी ने 76 बैंक खातों में 106 बार में 21 करोड़ पांच लाख 92 हजार रुपये भेजे थे। इसके बाद 15 लेयर तक रुपया गया। 15 लेयर में 20 हजार से ज्यादा बैंक खाते चिह्नित हुए हैं। इसमें करीब 35 प्रतिशत रुपया दक्षिण के राज्यों के बैंक खातों में पहुंचाया गया।
पुलिस पर फोन से नेता बनाते रहे दबाव
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपित वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य है और भाजपा से जुड़ा है। वह अखिल भारतीय बलाई समाज का प्रदेश उपाध्यक्ष भी है। इसके चलते कई नेताओं, रसूखदारों के फोन काल आते रहे। उसे छोड़ने का दबाव बनाया जाता रहा। जब उन्हें बताया गया कि यह मप्र की सबसे बड़ी साइबर ठगी में शामिल है तो सिफारिश करने वाले भी दंग रह गए।