दतिया उपचुनाव में शाम 6 बजे तक 71.44% मतदान, बारिश भी नहीं रोक पाई मतदाताओं का जोश
दतिया विधानसभा उपचुनाव में गुरुवार को शाम 6 बजे तक 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। बारिश के बावजूद मतदाताओं का ...और पढ़ें

मतदान केंद्र के बाहर लगी मतदाताओं की कतार।
HighLights
दतिया उपचुनाव में शाम 6 बजे तक 71.44% मतदान हुआ।
मतदान शांतिपूर्ण रहा, बारिश भी मतदाताओं को रोक न सकी।
भाजपा-कांग्रेस ने अपनी जीत का दावा किया, परिणाम 3 अगस्त को।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। दतिया विधानसभा उपचुनाव में गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी रहा। शाम 6 बजे तक विधानसभा क्षेत्र में 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं पांच बजे तक करीब 69 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। मतदान के अंतिम घंटे में मतदाताओं की भीड़ को देखते हुए निर्वाचन अधिकारियों ने इस बार 2023 के विधानसभा चुनाव में हुए 79 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा पार होने की संभावना जताई थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सक।
दोपहर तीन बजे तक मतदान का प्रतिशत 61 रहा था, लेकिन इसके बाद ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मतदान की रफ्तार तेज हुई। ग्रामीण इलाकों के अधिकांश मतदान केंद्रों पर 67 से 70 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा करीब 55 प्रतिशत रहा। उपरायं मतदान केंद्र पर शाम तक 69 प्रतिशत तथा एरई मतदान केंद्र पर 66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
दोपहर बाद कुछ समय के लिए हुई बारिश के बावजूद मतदान की रफ्तार पर विशेष असर नहीं पड़ा। बारिश थमते ही मतदाता फिर मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे और अंतिम घंटों में कई केंद्रों पर कतारें दिखाई दीं।
मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी 291 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। प्रत्येक केंद्र पर सीआरपीएफ और पुलिस बल की तैनाती रही। पूरे दिन कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
कांग्रेस हताश-निराश : नरोत्तम मिश्रा
प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री व भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राजघाट कॉलोनी स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने के बाद भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यों के आधार पर जनता भाजपा के पक्ष में मतदान कर रही है। कांग्रेस द्वारा लगाए गए बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर उन्होंने कहा कि "जब कांग्रेस हारती हुई दिखाई देती है तो हताशा और निराशा में ऐसे आरोप लगाती है।"
खबरें और भी
कांग्रेस की जबर्दस्त जीत होगी : घनश्याम सिंह
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने तलैया मोहल्ला स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने के बाद कहा कि क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और जनता परिवर्तन के लिए मतदान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उपचुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

तीन अगस्त को आएगा फैसला
दतिया उपचुनाव में भाजपा ने आशुतोष तिवारी, कांग्रेस ने घनश्याम सिंह और आजाद समाज पार्टी (आसपा) ने दामोदर यादव को मैदान में उतारा है। मतदान के बाद मतगणना 3 अगस्त को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इस वजह से कराना पड़ा उपचुनाव
दतिया सीट कांग्रेस के तत्कालीन विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई थी। बैंक एफडी धोखाधड़ी मामले में अदालत द्वारा तीन वर्ष की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने जुलाई में उपचुनाव की घोषणा की।