कुशवाह समाज पर ‘गुलाटी’ वाले बयान से घिरे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने मांगी माफी, बोले- 'शब्द वापस लेता हूं'
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कुशवाह समाज पर अपनी 'गुलाटी मारने वाला' टिप्पणी के लिए माफी मांगी है। इस बयान पर काफी विवाद हुआ था, जिसके बाद उन ...और पढ़ें

नरेंद्र सिंह तोमर (फाइल फोटो)
HighLights
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने कुशवाह समाज से मांगी माफी।
'गुलाटी मारने वाला' टिप्पणी पर उपजा था विवाद।
दतिया उपचुनाव के दौरान बयान पर हुआ था विरोध।
डिजिटल डेस्क, मुरैना। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदान के ठीक दूसरे दिन कुशवाह समाज को गुलाटी मारने वाला कहने पर मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने समाज से माफी मांग ली है। यह टिप्पणी उन्होंने 31 जुलाई के भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाह के निवास पर आयोजित कुशवाह समाज के सम्मेलन में की थी।
मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात में तोमर का लिखित माफीनामा इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ, जिसमें उन्होंने उन्होंने अपने कहे शब्दों पर खेद जताया है।
सम्मेलन में तारीफ के साथ कर दी थी विवादित टिप्पणी
बता दें कि इस सम्मेलन में हालांकि तोमर ने कुशवाह समाज की तारीफ की थी, लेकिन यह भी कह दिया था कि कुशवाह समाज बीच-बीच में गुलाटी मार जाता है, इससे समाज ने अपनी विश्वसनीयता खंडित की है। उनके इस बयान के बाद इंटरनेट मीडिया में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी बयान की कड़ी आलोचना की थी। कुछ स्थानों पर कुशवाह समाज ने तोमर का पुतला भी जलाया था। हालांकि उनका बयान मतदान के बाद का था, फिर भी अब दतिया का चुनाव परिणाम सामने आने के बाद तोमर की माफी के मायने निकाले जा रहे हैं।
तोमर बोले- कुशवाह समाज का करता हूं सम्मान
तोमर ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किए गए अपने पत्र में लिखा है, कि यह पारिवारिक कार्यक्रम था और उसी माहौल में चर्चा हो रही थी। मैं कुशवाह समाज का सम्मान करता रहा हूं और जीवनभर करता रहूंगा। अपमान करने की बात सपने में भी नहीं सोच सकता। यदि मेरे शब्दों से किसी समाजबंधु को ठेस लगी है, तो अपने शब्द वापस लेता हूं, जो तकलीफ हुई उसके लिए खेद है।