'शादी तो तुझे करनी पड़ेगी...', इंदौर में दुल्हन के भाई ने बंदूक की नोक पर दूल्हे को किया अगवा; लव स्टोरी बनी क्राइम थ्रिलर
इंदौर में शादी से ऐन वक्त पर मुकरने वाले दूल्हे को दुल्हन के भाई ने दोस्तों के साथ बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया। पुलिस ने टोल नाके पर कार को घेरा, जिस ...और पढ़ें

दुल्हन के भाई ने दोस्तों संग दूल्हे को किया अगवा (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। फेरों का इंतजार कर रही दुल्हन, सज चुका गार्डन, पहुंच चुके मेहमान और फिर अचानक शादी से मुकर गया दूल्हा। इंदौर और उज्जैन के बीच फैली यह प्रेम कहानी कुछ ही घंटों में ऐसी क्राइम थ्रिलर में बदल गई, जिसमें अपहरण, पिस्टल और पुलिस की एंट्री तक हो गई।
तीन साल पहले हुई थी मुलाकात
मामला उज्जैन निवासी शबनम पटेल और इंदौर के नेहरू नगर निवासी शुभम विश्वकर्मा से जुड़ा है। दोनों की मुलाकात तीन साल पहले उस समय हुई थी, जब शबनम पीएससी परीक्षा देने इंदौर आई थी। बातचीत दोस्ती में बदली और फिर दोनों एक-दूसरे को दिल दे बैठे। 7 मई को दोनों की शादी तय हुई। खरीदारी से लेकर शादी की तैयारियां तक पूरी हो चुकी थीं।
दूल्हे ने ऐनवक्त पर किया इंकार
शादी वाले दिन गार्डन सज गया, मेहमान पहुंच गए, लेकिन देर रात तक बारात नहीं आई। परेशान शबनम के घरवालों ने शुभम को फोन लगाया। पहले तो उसने बहाने बनाए, लेकिन बाद में शादी से साफ इंकार कर दिया।
दुल्हन के भाई ने बनाया अपहरण का प्लान
यह सुनकर शबनम के होश उड़ गए। बहन को रोता देख भाई फिरोज खुद को रोक नहीं पाया। उसने अपने दोस्तों आयुष, सुयश, आशीष, आदित्य, युवराज उर्फ चंकी और लवीश के साथ इंदौर पहुंचकर शुभम को बातचीत के बहाने बुलाया। आरोप है कि मरीमाता चौराहे के पास शुभम की कनपटी पर पिस्टल अड़ाकर उससे कहा गया कि “शादी तो तुझे करनी ही पड़ेगी।”
खबरें और भी
पुलिस ने टोल नाके पर पकड़ा
इस दौरान शुभम का भाई आदर्श दूर से पूरी घटना देख रहा था। उसने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और टोल नाके के पास आरोपितों की कार को घेर लिया। हालांकि फिरोज और उसके अधिकांश साथी मौके से कूदकर फरार हो गए, लेकिन भावेश नामक युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कार और पिस्टल, कारतूस जब्त किए गए हैं। फिलहाल फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।
बगैर खाए लौटे मेहमान
जानकारी के मुताबिक शुभम कैटरिंग का काम करता है और शादी में भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी भी उसी ने ली थी। शबनम के पिता मुंशी पटेल ने शादी के लिए गार्डन बुक कराया था और मेहमानों को निमंत्रण भी भेज दिया गया था। लेकिन न तो कैटरिंग का इंतजाम हुआ और न ही खाना बन पाया। आखिरकार परिवार को बहाना बनाकर मेहमानों को लौटाना पड़ा।
यह भी पढ़ें- इंदौर सुपर कॉरिडोर पर मौत की रफ्तार : रेलिंग से टकराई बाइक, 35 फीट नीचे गिरी युवती, युवक की भी मौत
इसके बाद गुस्साए भाई ने रात में फैसला किया कि किसी भी हालत में बहन की शादी करवानी है, लेकिन मामला पुलिस तक पहुंच गया और पूरी कहानी ने फिल्मी मोड़ ले लिया।