रतलाम स्टेशन पर 2 किलो एम्फेटामाइन ड्रग के साथ नाईजीरियाई महिला गिरफ्तार; ट्रॉली बैग में छिपाकर ट्रेन से मुंबई ले जा रही थी
रतलाम रेलवे स्टेशन पर एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिसके ट्रॉली बैग से करीब 2 किलोग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुआ है। महिला नई दिल्ली से म ...और पढ़ें

ट्रॉली बैग में इस तरह छिपाकर रखा था ड्रग्स का पैकेट।
HighLights
डीआरआई ने रतलाम स्टेशन पर नाइजीरियाई महिला को पकड़ा।
महिला के ट्रॉली बैग से 2 किलो एम्फेटामाइन ड्रग बरामद।
अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रतलाम रेलवे स्टेशन से एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के ट्रॉली बैग में बनाई गई गुप्त थैली करीब दो किलोग्राम एम्फेटामाइन बरामद किया गया है।
गोपनीय सूचना के आधार पर बिछाया जाल
डीआरआई को सूचना मिली थी कि नई दिल्ली से मुंबई जा रही ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला अपने सामान में मादक पदार्थ छिपाकर ले जा रही है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने गुरुवार को रतलाम जंक्शन पर निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध महिला की पहचान कर उसे रोक लिया।
तलाशी के दौरान महिला के ट्रॉली बैग में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कैविटी मिली। इस छिपे हुए हिस्से से भूरे रंग के प्लास्टिक पैकेट में रखा सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर यह एम्फेटामाइन पाया गया। इसके बाद डीआरआई ने करीब दो किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी जांच एजेंसी
डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त एम्फेटामाइन का स्रोत क्या था, इसके पीछे कौन-सा अंतरराष्ट्रीय या अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय है और मुंबई में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी। जांच एजेंसी इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
खबरें और भी
क्या है एम्फेटामाइन?
एम्फेटामाइन एक सिंथेटिक उत्तेजक मादक पदार्थ है, जो सीधे मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है। इसका अवैध रूप से नशे के लिए इस्तेमाल किया जाता है और इसकी लत तेजी से लग सकती है। लगातार सेवन से मानसिक विकार, उच्च रक्तचाप, हृदय संबंधी बीमारियां और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
हाल के वर्षों में डीआरआई, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और विभिन्न राज्य पुलिस एजेंसियों ने एम्फेटामाइन समेत अन्य सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी से जुड़े कई अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार भारत का इस्तेमाल कई बार ट्रांजिट रूट और अवैध सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क के हिस्से के रूप में करने की कोशिश की जाती है।