उज्जैन में शर्मनाक घटना: दूसरे पति संग लौटी महिला को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया, बाल काटे और कपड़े फाड़े
उज्जैन के हरनियाखेड़ा गांव में एक महिला और उसके दूसरे पति के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। पूर्व पति के स्वजनों और ग्रामीणों ने महिला के बाल काटे, कपड ...और पढ़ें

महिला से मारपीट (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
महिला के बाल काटे, कपड़े फाड़े, जूतों की माला पहनाई।
दूसरे पति के साथ भी मारपीट की गई, गांव में घुमाया।
तीन आरोपित गिरफ्तार, आठ अन्य की तलाश जारी।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। उज्जैन जिले के झारड़ा थाना क्षेत्र के हरनियाखेड़ा गांव में महिला और उसके दूसरे पति के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। तीन साल पहले पति को छोड़कर दूसरे युवक के साथ विवाह करने वाली महिला जब अपने पति के साथ गांव पहुंची तो पूर्व पति के स्वजन और कुछ ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया।
ग्रामीणों ने महिला व पति संग की बर्बरता
आरोपितों ने महिला के बाल काट दिए, कपड़े फाड़ दिए और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया। उसके दूसरे पति के साथ भी मारपीट की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आठ अन्य आरोपित फरार हैं। गुरुवार को एक वीडियो बहुप्रसारित होने पर मामला सामने आया।
पुलिस पहुंची तो गांव में भगदड़ मच गई
झारड़ा थाना प्रभारी आनंद भाबोर के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर की है। थाना मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित हरनियाखेड़ा गांव में दंपती के साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। घेराबंदी कर पुलिस ने सुमेरसिंह, बद्रीलाल और कचरू को पकड़ लिया।
पहले पति को छोड़ थामा था दूजे का हाथ
पुलिस जांच में सामने आया कि 30 वर्षीय महिला का विवाह गांव के एक युवक से हुआ था। करीब तीन वर्ष पूर्व वह अपने पहले पति को छोड़कर गांव के ही दूसरे युवक के साथ चली गई थी। दोनों ने बाद में विवाह कर लिया और इंदौर में रह रहे थे।
खबरें और भी
जमीन की खातिर गांव लौटा दंपती
मंगलवार को दंपती जमीन के मामले में गांव पहुंचे थे। इसकी जानकारी मिलते ही महिला के ससुर ने गांव के कुछ लोगों को बुलाया और दोनों को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने महिला के बाल काटे, कपड़े फाड़े और दोनों को अपमानित करते हुए गांव में घुमाया।
भीड़ बनी रही तमाशबीन
घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, लेकिन अधिकांश लोग महिला व उसके पति को बचाने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित दंपती के बयान दर्ज कर लिए हैं। थाना प्रभारी भाबोर ने बताया कि मामले में 11 नामजद आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
तीन आरोपित सुमेरसिंह, बद्रीलाल और कचरू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। जबकि आठ की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।