बालाघाट के खिड़कीघाट में डीजल टैंकर पलटा, मुफ्त का ईंधन भरने कुप्पी-बाल्टी लेकर उमड़े ग्रामीण; पुलिस ने खदेड़ा
बालाघाट के खिड़कीघाट पर जबलपुर से वारासिवनी जा रहा एक डीजल टैंकर ब्रेक फेल होने से पलट गया, जिससे 15 हजार लीटर डीजल सड़क पर फैल गया। हादसे में चालक-पर ...और पढ़ें

कटंगी में
HighLights
डीजल टैंकर पलटा, 15 हजार लीटर ईंधन फैला।
ब्रेक फेल होने से खिड़कीघाट पर हुआ हादसा।
ग्रामीणों ने मुफ्त का डीजल लूटा, पुलिस ने रोका।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। जबलपुर से वारासिवनी जा रहा डीजल से भरा एक टैंकर शुक्रवार सुबह बालाघाट जिले के कटंगी में खिड़कीघाट पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर का मुख्य चैंबर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे करीब 15 हजार लीटर डीजल सड़क और आसपास के गड्ढों में फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण कुप्पी, डिब्बे और बाल्टियां लेकर मौके पर पहुंच गए और ज्वलनशील ईंधन को भरने की होड़ मच गई।
ब्रेक फेल होने से हादसा
जानकारी के अनुसार, टैंकर (क्रमांक एमएच 17 एचए 3564) जबलपुर से डीजल लेकर वारासिवनी जा रहा था। सुबह करीब आठ बजे खिड़कीघाट के खतरनाक मोड़ पर अचानक टैंकर के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को संभालने की पूरी कोशिश की, लेकिन ढलान और तीखे मोड़ के कारण टैंकर सड़क किनारे पलट गया।
चालक-परिचालक घायल
हादसे में चालक अशोक यादव और परिचालक बबलू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
डीजल लूटने मची लूट
टैंकर पलटने के बाद सड़क पर फैले डीजल को देखकर ग्रामीणों में उसे लूटने की होड़ मच गई। आग लगने के खतरे के बावजूद लोग कुप्पी-बाल्टी जैसे बर्तनों में डीजल भरते व समेटते रहे। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले तक बड़ी संख्या में लोग ईंधन एकत्र करने में लगे रहे।
यह भी पढ़ें- 'न्यायाधीश को डराने का अधिकार किसी को नहीं', महिला जज को धमकी मामले में हाई कोर्ट सख्त, डीजीपी ने पेश किया हलफनामा
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डीजल भर रहे लोगों को वहां से खदेड़ा। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। पुलिस ने लोगों से ज्वलनशील पदार्थ के पास न जाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।