चौथी शादी की चाह में तीसरे पति की नृशंस हत्या! नरसिंहपुर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची खौफनाक साजिश
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर तीसरे पति की हत्या कर दी, ताकि वह चौथी शादी कर सके। पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी और ए ...और पढ़ें

युवक की हत्या (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
महिला ने प्रेमी संग मिलकर तीसरे पति की हत्या की।
चौथी शादी करने के लिए रची गई थी यह खौफनाक साजिश।
पुलिस ने महिला, प्रेमी और एक सहयोगी को किया गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रिश्तों को कलंकित कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर तीसरे पति की हत्या की साजिश रची, ताकि वह उसके साथ चौथी शादी कर सके। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने बताया कि बहोरीपार निवासी तुलसीराम मेहरा और उनकी 35 वर्षीय पत्नी सरोज मेहरा के बीच लंबे समय से चरित्र को लेकर विवाद चल रहा था। जांच में सामने आया कि सरोज की पहली शादी करीब 18 वर्ष पहले जबलपुर जिले के चरगवां में हुई थी। बाद में उसने गाडरवारा के पुरगुंवा में दूसरी शादी की और इसके बाद तुलसीराम मेहरा से तीसरी शादी की थी।
दूसरी शादी के रिश्तेदार से बने संबंध
पुलिस के मुताबिक, तीसरी शादी के बाद सरोज का संपर्क उसके दूसरे पति के रिश्तेदार महेंद्र मेहरा से हुआ। दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद दोनों ने साथ रहने और शादी करने के लिए तुलसीराम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
शराब पिलाने के बहाने बुलाया, फिर घोंट दिया गला
जांच में सामने आया कि महेंद्र मेहरा ने अपने साथी विष्णु रजक (30), निवासी अंडिया डोंगरगांव, को योजना में शामिल किया। विष्णु तुलसीराम को शराब पिलाने के बहाने घर से पुल के पास ले गया, जहां महेंद्र पहले से मौजूद था। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर तुलसीराम का गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- सतना में डेढ़ माह से लापता साढ़े 13 वर्ष की किशोरी के विवाह का वीडियो बहुप्रसारित, पुलिस जांच पर उठे सवाल
जांच में खुली साजिश की परतें
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। इसके बाद सरोज मेहरा, महेंद्र मेहरा और विष्णु रजक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और हत्या में प्रयुक्त अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।