चूजों की रक्षा के लिए जहरीले सर्प से भिड़ गई मुर्गी, परिवार को बचाने तोते ने दी जान... सिवनी में बेजुबानों की कुर्बानी ने किया भावुक
सिवनी में बेजुबान पक्षियों की ममता और वफादारी की दो घटनाओं ने सबको भावुक कर दिया। एक मुर्गी ने चूजों को बचाने के लिए जहरीले सांप से लड़ते हुए जान दी, ...और पढ़ें

चूजों को जहरीले सांप से बचाने संघर्ष करती मुर्गी, दूसरी तस्वीर में पिंजरे में बैठा जहरीला कोबरा। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
मुर्गी ने चूजों को बचाने सांप से की लड़ाई।
पालतू तोते ने परिवार को कोबरा से बचाया।
सर्प मित्र ने सांप को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से बेजुबान पक्षियों की ममता और वफादारी की दो ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने हर किसी को भावुक कर दिया। एक ओर चूजों की रक्षा के लिए एक मुर्गी जहरीले सांप से आखिरी सांस तक लड़ती रही, वहीं दूसरी ओर एक पालतू तोते ने जहरीले कोबरा की आहट पर शोर मचाकर पूरे परिवार की जान बचा ली, लेकिन खुद उसकी चपेट में आकर जान गंवा बैठा।
चूजों को बचाने सांप के आगे ढाल बनी मुर्गी
पहली घटना लखनादौन क्षेत्र के चुरका गांव की है। राम अहिरवार के घर में लगातार चूजे गायब हो रहे थे। मंगलवार को जब मुर्गी मृत मिली तो उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज में दिखाई दिया कि रात के समय एक जहरीला सांप कमरे में घुस आया, जहां मुर्गी अपने चूजों के साथ मौजूद थी।
जैसे ही सांप ने चूजों पर हमला किया, मुर्गी बिना डरे उससे भिड़ गई। उसने लगातार अपनी चोंच और पंखों से सांप पर हमला कर चूजों को बचाने की कोशिश की। संघर्ष के दौरान सांप ने पांच चूजों को निगल लिया और कई बार मुर्गी पर भी हमला किया। गंभीर रूप से घायल मुर्गी ने आखिरकार दम तोड़ दिया।
घटना के बाद सर्प मित्र को बुलाया गया, जिसने जहरीले सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- फतवे से नहीं टूटेगा निकाह, कानूनी प्रक्रिया जरूरी; मुस्लिम तलाक पर MP हाईकोर्ट का अहम फैसला
तोते ने शोर मचाकर बचाई परिवार की जान
दूसरी घटना छपारा क्षेत्र के देवरीकलां गांव की है। चार अगस्त की रात सुभाष पंचेश्वर के घर में एक जहरीला कोबरा घुस आया। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे।
खबरें और भी
कोबरा जैसे ही पिंजरे के पास पहुंचा, उसमें बंद पालतू तोते ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए। जब उन्होंने देखा तो कोबरा पिंजरे के भीतर पहुंच चुका था और उसने तोते को डस लिया था। जहरीले डंस से तोते की मौके पर ही मौत हो गई, लेकिन उसकी सतर्कता से परिवार किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया। सूचना मिलने पर सर्प मित्र ने मौके पर पहुंचकर कोबरा का रेस्क्यू किया और उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।