45 लाख की रिश्वत, नकली नोटों का बंडल और धरपकड़... महाराष्ट्र में वन अधिकारी को ACB ने ऐसे दबोचा
महाराष्ट्र ACB ने एक वन अधिकारी, श्रीनिवास लिंगन्ना लखमावाड़ को 45 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। ...और पढ़ें
-1785583296795_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शुक्रवार को वन विभाग के एक अधिकारी को 45 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में रंगे हाथों पकड़ा है। इस ऑपरेशन में सबसे खास बात यह रही कि आरोपी को पकड़ने के लिए ACB ने 40 लाख रुपये के नकली नोटों का इस्तेमाल किया।
छत्रपति संभाजीनगर ACB यूनिट के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान 40 वर्षीय श्रीनिवास लिंगन्ना लखमावाड़ के रूप में हुई है। वह सामाजिक वानिकी प्रभाग में प्रथम श्रेणी का अधिकारी है। उसे नगर नाका, कैनाल रोड स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।
29 जुलाई को एक रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर ने ACB से लिखित शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, लखमावाड़ ने वृक्षारोपण निधि के वितरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 45 लाख रुपये की भारी भरकम रिश्वत मांगी थी।
इसके अलावा, आरोपी ने शिकायतकर्ता को निलंबन का प्रस्ताव आगे न बढ़ाने, दो रुकी हुई इंक्रीमेंट जारी करने और नर्सरी विकास कार्यों की जांच रोकने का भी भरोसा दिया था।
40 लाख के नकली नोटों से ऐसे बिछाया गया जाल
अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच के तहत वेरिफिकेशन किया गया, जिसमें 45 लाख रुपये की रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए एक योजना बनाई गई।
अधिकारियों ने एक पार्सल में 5 लाख रुपये के असली नोट और 40 लाख रुपये के नकली नोट रखे गए थे। ऑपरेशन के दौरान जैसे ही लखमावाड़ ने यह पार्सल स्वीकार किया, ACB की टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया।
खबरें और भी
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
अधिकारी ने बताया कि इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी की औपचारिक गिरफ्तारी की कानूनी कार्यवाही शुरू की जाएगी।