पुणे की एजेंसी ने पुर्तगाल में नौकरी के नाम पर नागपुर की महिला को ठगा, पासपोर्ट छीनकर बीयर शॉप मालिक को बेचा
पुणे की एक फर्म ने नागपुर की महिला को विदेश में नौकरी का झांसा देकर 11 लाख रुपये ठगे और उसे पुर्तगाल में बेच दिया। ...और पढ़ें
-1786174127906_m.webp)
HighLights
पुणे की फर्म ने नागपुर की महिला को पुर्तगाल में बेचा।
विदेश में नौकरी का झांसा देकर 11 लाख रुपये ठगे।
महिला ने प्रताड़ना के बाद भागकर भारत वापसी की।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुणे स्थित फर्म ने विदेश में अधिक वेतन वाली नौकरी का लालच देकर महिला को फंसाया और उससे करीब 11 लाख रुपये ऐंठ लिए। फिर नागपुर की 28 वर्षीय महिला को पुर्तगाल ले जाकर बीयर शॉप के मालिक से बेच दिया।
यह घटना पिछले महीने की है जब महिला ने इंस्टाग्राम के माध्यम से पुणे की वी माइग्रेट नामक कंसल्टेंसी का विज्ञापन देखा। जब उसने एजेंसी के संचालकों से संपर्क किया, तो उन्होंने उसे पुर्तगाल में कैशियर की नौकरी दिलाने का वादा किया। ठगों ने उसे बताया कि उसे हर महीने 1.5 लाख रुपये का वेतन मिलेगा और दिन में केवल आठ घंटे ही काम करना होगा।
वीजा के नाम पर 11 लाख की ठगी
ठगों ने वीजा और अन्य कागजी कार्रवाई का बहाना बनाया और महिला से किस्तों में कुल 11 लाख रुपये की मोटी रकम वसूल ली। जैसे ही महिला पुर्तगाल पहुंची, वहां मौजूद "एजेंटों" ने उसका पासपोर्ट छीन लिया और कथित तौर पर उसे दो दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा।
इसके बाद, महिला को एक बीयर शॉप के मालिक को बेच दिया गया, जहां उसे जबरन काम करने के लिए मजबूर किया गया। वहां उसे गंभीर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का शिकार होना पड़ा। जब महिला ने अपना पासपोर्ट वापस मांगा, तो ठगों ने उससे और पैसों की मांग की।
खबरें और भी
पुर्तगाल से भागकर ऐसे लौटी भारत
करीब एक महीने तक प्रताड़ना सहने के बाद महिला ने वहां से भागने की योजना बनाई। वह सबसे पहले बस से लिस्बन भागी और फिर वहां से मैड्रिड पहुंची। मैड्रिड से वह दोहा होते हुए किसी तरह सुरक्षित वापस भारत लौटने में सफल रही।
भारत आते ही ठगों ने माल्टा में नौकरी दिलाने के बहाने 3 लाख रुपये और मांगे। जब महिला ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो उन्होंने उसके पति को जान से मारने और महिला को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां देनी शुरू कर दीं।
इन सबसे परेशान होकर महिला ने पुणे पुलिस का दरवाजा खटखटाया। अधिकारियों ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में वी माइग्रेट के संचालकों सहित आठ आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी, धोखाधड़ी और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।